गांव, किसान और कृषि ही आत्मनिर्भर भारत के तीन आधार स्तंभ-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की स्थित रजवाड़ा फॉर्म में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा उत्तराखण्ड की प्रदेश कार्यसमिति के समापन सत्र में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर आधारित स्टॉलो का अवलोकन किया साथ ही शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अन्नदाताओं को धरती पुत्र बताते हुए कहा कि किसानों की मेहनत और पुरुषार्थ के कारण ही हमें भोजन उपलब्ध हो पाता है। किसानों के परिश्रम और अथक प्रयासों के आगे बाकी सब सूक्ष्म है। गांव, किसान और कृषि ही आत्मनिर्भर भारत के तीन आधार स्तंभ हैं, ये जितने मजबूत होंगे आत्मनिर्भर भारत की नींव उतनी ही अधिक मजबूत होगी। देश के संतुलित विकास के लिए ये अत्यंत आवश्यक है कि हमारे किसान, हमारे अन्नदाता, हमारे भूमिपुत्र सशक्त बनें। किसानों के सशक्तिकरण के बिना भारत का सशक्तिकरण अधूरा है। विकसित भारत का सपना भी तभी साकार हो सकता है जब हमारा किसान सशक्त होगा। उन्होंने कहा भाजपा किसान मोर्चा के साथियों का काम सरकार और किसानों के बीच एक सेतु का निर्माण करना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत हमेशा एक कृषि प्रधान देश रहा है। खेती-किसानी के इर्द-गिर्द ही हमारा समाज विकसित हुआ, हमारी परम्पराएं पोषित हुईं और हमारे पर्व व त्योहार निर्धारित हुए। कृषि विषय पर भारतीय इतिहास इतना समृद्ध है कि हमारे पास कृषि-पाराशर और कृषि सूक्त जैसे प्राचीन ग्रन्थ उपलब्ध हैं। जिन्होंने खेती और किसानी के उचित तौर-तरीकों के बारे में आम लोगों को बताने का कार्य किया है। हमारे इसी वैज्ञानिक और उन्नत कृषि विज्ञान ने सदियों से भारत को समृद्ध बनाया हुआ है। इतिहास में अनेकों ऐसे वर्णन मिलते हैं जब विदेश से आए हुए लोग, भारत की कृषि पद्धतियों को देखकर हतप्रभ रह गए। माटी को मां मानने वाले भारत के किसानों ने हमेशा अपने मूल कर्तव्य को पूरा किया है। देश के सामने खाद्यान्न संकट आने पर भी हमारे मेहनती किसानों ने अपने परिश्रम और पसीने से धरती को सींचा है। अपने कर्मठ किसानों की बदौलत भारत आज कृषि उत्पादन में ना केवल आत्मनिर्भर है बल्कि दूसरे देशों का भी पेट भर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार हमेशा से किसान हितैषी रही है। किसानों का जितना सशक्तिकरण हुआ है वो अभूतपूर्व है। प्रधानमंत्री का मत है कि देश के किसान का आत्मविश्वास देश का सबसे बड़ा सामर्थ्य है। केंद्र सरकार किसानों की दशा सुधारने और कृषि नीतियों को किसान केंद्रित बनाने का कार्य कर रही है। सरकार का निरंतर ये प्रयास है कि दुनिया के बड़े-बड़े देशों के किसानों को जो आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं वो भारत के किसान को भी मिलें। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि हमारे किसान के लिए बीज से बाजार तक की यात्रा ना केवल सुगम हो बल्कि ये उसकी आय में वृद्धि करने वाली भी हो। बीते वर्षों में यूरिया की कमी, बिजली कटौती और अव्यवस्थित सिंचाई जैसी किसान की पारंपरिक परेशानियों को कम किया ही गया है, फसल बीमा योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड, किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं से किसानों को एक संरक्षित वातावरण भी उपलब्ध करवाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज कृषि को आधुनिक और स्मार्ट बनाने के साथ किसान को तकनीकी रूप से सक्षम और बाजार की नब्ज़ पकड़ने वाला बनाया जा रहा है। ऑर्गैनिक फार्मिंग में भारत एक बड़े ग्लोबल प्लेयर के रूप में सामने आया है और जैविक खेती का दायरा देश में लगातार बढ़ रहा है। हमारे उत्तराखंड में अनेकों किसान जड़ी-बूटी और फूलों की खेती कर मुनाफा कमा रहे हैं। राज्य में पहले कुल डेढ़ सौ हेक्टेयर में ही फूलों की खेती होती थी जिसका एरिया अब बढ़ कर 1600 हेक्टेयर से अधिक हो चुका है। कृषि क्षेत्र में नित नए अभिनव प्रयोग हो रहे हैं और नवाचार को हर स्तर पर प्रोत्साहन मिल रहा है। आज का हमारा किसान ड्रोन और आर्टिफिशल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल भी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारे सीमांत किसानों का सशक्तीकरण हमारी पहली प्राथमिकता है। कृषि संबंधित नीतियां बनाते हुए विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि खेती में छोटे किसानों के लिए कम से कम जोखिम हो। उन्हें उनकी फसल और मेहनत का उचित और त्वरित मूल्य मिले इसके लिए अभूतपूर्व प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीते 1 साल में राज्य सरकार ने कई कार्य किए हैं। समान नागरिक संहिता पर कार्य चल रहा है। कठोर धर्मांतरण कानून बना कर धर्म परिवर्तन पर रोक लगाई है। राज्य में सभी परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। राज्य में नई खेल नीति, नई शिक्षा नीति को भी लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाल ही में राज्य के विभिन्न स्थानों में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। जिन जगहों पर अतिक्रमण हुआ है उन्हें हटाए जाएगा। साथ ही राज्य के अंतर्गत जल्द ही स्पेशल वेरिफिकेशन ड्राइव चलाया जाएगा। उन्होंने कहा राज्य सरकार के लिए जनता का हित सर्वाेपरि है। हमारी सरकार राज्य हित को प्राथमिकता से लेगी एवं कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ रमेश पोखरियाल ’ निशंक, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह पुंडीर, विधायक प्रदीप बत्रा, प्रदेश महामंत्री भाजपा आदित्य कोठारी, जिला अध्यक्ष रुड़की शोभाराम प्रजापति एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

हरिद्वार में सीएम ने योजनाओं की प्रगति जानी, दिये निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को हरिद्वार भ्रमण के दौरान डामकोठी में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों आदि के सम्बन्ध में एक समीक्षा बैठक ली।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय से हरिद्वार जनपद में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी जन-कल्याणकारी योजनायें चल रही हैं, उनका लाभ अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक अवश्य पहुंचे। उन्होंने कहा कि समय-समय पर ग्राम सभाओं में चौपालों का आयोजन किया जाये तथा उसमें जिस भी ग्रामवासी की जो भी समस्या हो, उसका निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता पर किया जाये एवं गर्मी के मौसम को देखते हुये बिजली, पानी आदि पर विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने कहा कि सब्सिडी की जो भी योजनायें हैं, उनका लाभ समय पर लाभार्थी को दिलाना सुनिश्चित करें तथा जिस किसी भी योजना का कार्डधारक हो, उसे समय पर राशन का वितरण होना चाहिये।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुये कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव है, जिसे देखते हुये यहां हर तरह की व्यवस्थायें, खासतौर पर हरिद्वार शहर तथा गंगा के घाटों की साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाये। यातायात व्यवस्था के सम्बन्ध में चर्चा करते हुये जिलाधिकारी ने बताया कि चारधाम यात्रा को देखते हुये दुधाधारी या अन्य स्थानों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिये विभिन्न वैकल्पिक योजनाओं-भारी वाहनों की नो इण्ट्री का समय निर्धारण करना, पार्किंग की उचित व्यवस्था आदि पर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।
कानून-व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री द्वारा जानकारी लिये जाने पर जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि हनुमान जयन्ती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रम निर्विघ्न तथा सकुशल सम्पन्न हुये हैं तथा कानून-व्यवस्था चुस्त एवं दुरूस्त है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक आयोजित होने वाली परीक्षाओं को कड़े कदम उठाते हुये नकल विहीन व सकुशल सम्पन्न कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बैठक में जमीन सम्बन्धी प्रकरण आदि पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया तथा दिशा-निर्देश दिये। इससे पहले मुख्यमंत्री ने साक्षी महाराज से शिष्टाचार भेंट की तथा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से हरिद्वार में संचालित हो रही विभिन्न विकास योजनाओं के बारे में भी विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक लक्सर संजय गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, महामंत्री आशू चौधरी, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ0 जयपाल सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश जमदग्नि, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, लव शर्मा, मनोज गौतम, अनिल अरोड़ा, आशुतोष शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) बीर सिंह बुदियाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी0एल0 शाह, एसडीएम पूरण सिंह राणा, एमएनए दयानन्द सरस्वती, भूमि अध्याप्ति अधिकारी ब्रजेश तिवारी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव कार्यक्रम मनाया

पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) ने बतौर मुख्य अतिथि एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर विशिष्ट अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों द्वारा भगवान कृष्ण और राधा पर आधारित गीतों को प्रस्तुत किया गया जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इस मौके पर छोटे बच्चों ने कृष्ण और राधा पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किए।
इस दौरान राज्यपाल ने जन्माष्टमी पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हमारे लिए सदैव एक उत्साह, आनंद, प्रेरणा और उमंग लेकर आता है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन चरित्र, व्यक्तित्व और उनके उपदेश हमें अलौकिक मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा की पुलिस प्रशासन का यह एकमात्र त्यौहार होता है जिसे काफी बेहतर तरीके से मनाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन 24 घंटे जनता की सेवा में तत्पर रहती है और आज उनके के लिए यह त्योहार महत्वपूर्ण होता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण का प्रत्येक अवतार मनुष्य को जीवन जीने कि नई सीख देता है। भगवान श्री कृष्ण की प्रेरणा मनुष्य को सफल एवं समृद्ध बनाती है। उन्होंने कहा जब-जब धर्म की हानि हुई भगवान श्री कृष्ण ने विभिन्न अवतारों में धर्म एवं संसार की रक्षा की है।
कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ’निशंक’, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विधायक सविता कपूर, विधायक खजान दास, गीता धामी, डीजीपी अशोक कुमार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

पीएम मोदी के विजन को साकार क्रियान्वित करेंगे धामीः निशंक

देहरादून। पूर्व केंद्रीय मंत्री पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि धामी निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड के विकास के लिए विजन को क्रियान्वित करने में सफल होंगे।

उन्होंने कहा कि कम समय के बाद भी धामी ने अथक प्रयास कर केंद्र सरकार के सहयोग से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा और जनता से संवाद स्थापित किया। उसका लाभ भी पार्टी को मिला और भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला। विकास कार्यों को लेकर केंद्र से सामंजस्य बनाने मे उनकी कार्यकुशलता के कारण सभी विधायकों ने सहमति से उन पर दोबारा भरोसा जताया। डॉ निशंक ने कहा कि राज्य को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प धामी ने नेतृत्व मे निश्चित रूप से पूरा होगा।

प्रेमचन्द अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया

ऋषिकेश विधानसभा सीट से सोमवार को भाजपा के प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान नामांकन कक्ष के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ दो लोग ही कक्ष में प्रवेश कर सके।
मंगलवार को तहसील मुख्यालय में नामांकन को लेकर हलचल रही। सुबह करीब 11.15 बजे लोकसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक तहसील परिसर पहुंचे। उन्होंने यहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने की बात कही। इसी बीच 11.30 बजे भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल नामांकन के लिए पहुंचे। नामांकन कक्ष के बाहर तैनात पुलिस ने प्रत्याशी अग्रवाल और दो लोगों को अंदर जाने दिया। जबकि अन्य लोगों को नामांकन कक्ष से दूर कर दिया। भाजपा प्रत्याशी प्रेमचंद अग्रवाल ने रिटर्निंग ऑफिसर अपूर्वा पांडेय के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रत्याशी के प्रस्तावक तारा चंद अग्रवाल ने बताया कि नामांकन पत्र की जांच के बाद उसे दाखिल कर लिया गया।
र्चा दाखिल करने के बाद बाहर आने पर सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, बीडीसी अनिता राणा, प्रधान चकजोगीमाफी एसएस कैंतुरा, प्रधान खैरीखुर्द चंद्रमोहन पोखरियाल, अमित वत्स आदि ने फूल मालाओं से प्रत्याशी का स्वागत किया। वहीं, उत्तराखंड जनता पार्टी के प्रत्याशी अनूप सिंह राणा ने एक प्रस्तावक के साथ तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ने खरीदा नामांकन पत्र
भाजपा नेत्री और राज्य आंदोलनकारी ऊषा रावत ने तहसील पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य के निर्माण में शहीद हुए आंदोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य को बनाने के लिए राज्य की भावनाओं से जुड़े व्यक्ति को चुनाव में भागेदारी करनी चाहिए। इसके मद्देनजर उन्होंने नामांकन पत्र खरीदा है। वे चुनाव मैदान में उतरेंगी।

ऋषिकेश में भाजपा की तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत


सांसद डॉ. निशंक ने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वाधीनता के 70 साल पूरे होने पर आयोजित की जा रही है। बताया कि पीएम मोदी ने देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए तिरंगा यात्रा आयोजित करने की अपील की है। उत्तराखंड सैनिक बाहुल्य प्रदेश है। तिरंगा यात्रा को लेकर प्रदेश के लोगों में बड़ा उत्साह है। तिरंगा यात्रा देश को एकसूत्र में बांध रही है। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को पैदा करने वाली है। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र नेगी ने कहा कि जिन शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की है, तिरंगा यात्रा उनके प्रति सम्मान और आदर का भाव रखने का कार्य कर रही है।
इससे पूर्व नटराज चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद डॉ. निशंक का स्वागत किया। नटराज चौक से भाजपा कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों में सवार हुए। उनके हाथों में तिरंगा थे। कार्यकर्ता भारत माता की जय के नारे लगा रहे थे। सांसद निशंक भी कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए दुपहिया पर पीछे बैठ गए। उन्होंने भी अपने हाथ में तिरंगा लहराया। नटराज चौक से शुरू हुई यात्रा देहरादून मार्ग, हरिद्वार मार्ग, आईडीपीएल, श्यामपुर, नेपाली फार्म, रायवाला के कालू सिद्ध मंदिर परिसर में संपन्न हुई। कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया।

103

राजनीति में ठहराव होना जरूरी: निशंक
ऋषिकेश। तिरंगा यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में सांसद निशंक ने पूर्व विधायक भीमलाल आर्य और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भीमलाल कांग्रेस के बोए हुए बीज हैं। राजनीति में शुचिता और ठहराव का होना जरूरी है। उसी से आदमी की पहचान होती है।

ये रहे मौजूद
मंडल अध्यक्ष चेतन शर्मा, देवेन्द्र दत्त सकलानी, उषा रावत, ज्योति सजवाण, गोविन्द अग्रवाल, इंद्रकुमार गोदवानी, पूर्व पालिका अध्यक्ष स्नेहलता शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं, सांसद प्रतिनिधि संजय शास्त्री, पंकज शर्मा, सभासद हरीश तिवाड़ी, शिवकुमार गौतम, कविता शाह, रीना शर्मा, दीपक धमीजा, अनिता बहल, सरला अग्रवाल, विमला कपूर, अंकित पाण्डेय, संदीप गुप्ता, नरेन्द्र मैनी, मोबीन अली, इरशाद, आकाश दीप, मनोज बिजल्वाण, सतवीर तोमर, मनोज शर्मा, चन्द्रमणी शुक्ला, बृजेश शर्मा, सतीश दुबे, एमएन ढौंडियाल, राकेश शर्मा, मंगा सिंह, सुनील सैनी, अक्षय मल्होत्रा, सुभाष पाल, मनोज गर्ग आदि शामिल रहे।