उत्तराखंड में प्रथम चरण में संपन्न हुए लोस चुनाव, लोगों में दिखा कम उत्साह

उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। सुबह लोगों ने खासा उत्साह दिखाया, लेकिन शाम ढलते ही मतदान का जोश कम होता गया। शाम 5 बजे तक 53.56ः मतदान हुआ है। हालांकि पोस्टल बैलेट, 85$ उम्रदराज वोटर और दिव्यांग वोटरों को मिलाकर ये आंकड़ा थोड़ा बढ़ सकता है। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में 61 फ़ीसदी वोटिंग के मुकाबले बेहद कम वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा 59.36 फीसदी मतदान नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट पर हुआ है।

आज सुबह से ही मतदान को लेकर सभ जिलों में उत्साह देखा गया। सुबह सुबह पोलिंग बूथ पर वोटरों का तांता लगना शुरू हो गया। कहीं बुजुर्ग महिलाएं, कहीं जोड़े में सजी दुल्हनें, कहीं फर्स्ट टाइम वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग करने घऱों से निकले। लेकिन दोपहर बाद मतदान के प्रति लोगों की दिलचस्पी कम होती दिखी। अनेक जगहों पर वोटरों ने मतदान का बहिष्कार किया। शाम होते होते मतदान के आंकड़े में कमी देखी गई।

शाम 5 बजे तक कुल 53.56 फ़ीसदी वोटिंग हुई जो 2019 के मुकाबले बेहद कम है।
अल्मोड़ा संसदीय सीट पर 44.43 फीसदी
गढ़वाल लोकसभा सीट पर 48.79 फीसदी
टिहरी संसदी सीट पर 51.01 फीसदी
हरिद्वार लोकसभा में 59.01 फीसदी
नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट पर शाम 5 बजे तक सबसे ज्यादा 59.36 फीसदी मतदान हुआ है।

मतदान को लेकर दुल्हन और दुल्हे में दिखा उत्साह, परिधान में ही पहुंचे वोट देने

उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण की वोटिंग जारी है। पांचों सीटों पर सुबह से ही मतदान के लिए खासा उत्साह दिख रहा है। आजकल शादी का सीजन भी चल रहा है। इस बीच कई पोलिंग बूथ पर सुखद तस्वीरें देखने को मिली हैं, जहां दुल्हनें जोड़े में सजकर वोट देने निकली। पौड़ी हो या कासशीपुर, दुल्हनों ने वोट देने के लिए गजब का उत्साह दिखाया है।

गढ़वाल लोकसभा सीट के विकासखंड कोट में भी दुल्हन ने ससुराल विदा होने से पहले वोट किया और लोकतंत्र के पर्व में भाग लिया। दुल्हन सोनाली ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय रणाकोट में पहुंचकर मतदान किया।

श्रीनगर में भी नवविवाहित जोड़ा शादी की रस्म खत्म होते ही जीआईसी श्रीनगर के पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचा। श्रीनगर के ही जोखोला पोलिग बूथ पर विदाई से पहले दुल्हन पति के साथ वोट देने पहुंची।

काशीपुर की 23 साल की दीक्षा की शादी देहरादून के अंशुल के साथ हुई है। बीते रोज अंशुल बारात लेकर काशीपुर पहुंचे थे। शुक्रवार 19 अप्रैल सुबह को विवाह समारोह की सभी रस्में पूरी हो गई थी, लेकिन सुबह विदाई से पहले दीक्षा अपने पति अंशुल और अन्य परिजनों के साथ मतदान केंद्र गई और वोट किया। वोट डालने के बाद दीक्षा की विदाई हुई. दूल्हे अंशुल ने कहा कि वो भी देहरादून में जाकर सबसे पहले मतदान करेंग.. नवविवाहित की इस पहल की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।

बता दें कि 5 लोकसभा सीटों पर 85 लाख मतदाता 55 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। नतीजे 4 जून को आएंगे।

सीएम धामी ने परिवारजनों के साथ लाइन में लगकर आम मतदाता की तरह किया मतदान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित नगरा तराई मतदान केंद्र में आम मतदाता की भांति लाइन में लगकर मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

मुख्यमंत्री आज सुबह खटीमा स्थित नगरा तराई मतदान केंद्र पर पहुँचे और एक सामान्य मतदाता की तरह कतार में लगकर वोट डाला। वोट डालने के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि आप भी सुदृढ़ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए बड़ी संख्या में मतदान करें। उन्होंने विशेषकर पहली बार वोट डाल रहे युवाओं से अनुरोध किया कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर देश के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने पहले मतदान, फिर जलपान का भी संदेश दिया।

उत्तराखंड को प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा मुख्य धारा में रखा हैः नड्डा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी चौक, मसूरी (देहरादून) में आयोजित विजय संकल्प रैली में प्रतिभाग किया।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने भगवान केदारनाथ एवं राज्य निर्माण में शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि हम सभी इस लोकसभा से माल राज्यलक्ष्मी शाह को जीताने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यह लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का चुनाव है। ’उन्होंने कहा 10 साल पहले राजनीति उदासीनता से भरी हुई थी। आम इंसान भी बोला करता था राजनीति से कुछ नही बदलेगा, जैसा चल रहा है वैसा चलेगा, यहां कुछ बदलने वाला नहीं है…!’
बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री जी ने ’राजनीति की परिभाषा, संस्कृति, चाल ढाल, तौर तरीका बदला है।’ इसके साथ प्रधानमंत्री जी ने ’राजनीति की दृष्टि से संकल्प की परिभाषा बदल दी है।’

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सख्त फैसला लेते हुए कोरोना काल में सख्त लॉकडाउन लगाया गया। और दो महीने के अंदर देश को कोरोन से लड़ने के लिए तैयार किया। मोदी जी ने कहा जान भी है और जहान भी है। उन्होंने कहा हमारे देश में पहले दवाइयां आने में कई कई साल लग जाते थे। परंतु कोरोना के 9 महीने बाद, भारत में 2 वैक्सीन बनाई जाती है। 220 करोड़ डबल डोज लगाकर कोरोना से लड़ने हेतु देश तैयार हो जाता है। ’भारत में दुनियां का सबसे बड़ा और सबसे तेज वैक्सीन प्रोग्राम होता है।’ आज के भारत ने 100 देशों को कोरोना वैक्सीन पहुंचाई। और 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन पहुंचाई।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 3 लाख से ज्यादा गांवों को सड़क से जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा पहले महिलाएं कई किलोमीटर दूर से पानी लाती थी। आज सबके घर में पानी आ रहा है, शौचालय भी बन गए हैं। और बड़े बड़े टैंक भी बने हैं। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 55 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का सालाना स्वास्थ्य बीमा निरूशुल्क प्रदान किया है। उन्होंने कहा भाजपा के मेनिफेस्टो में 70 साल से ऊपर के हर वर्ग के व्यक्ति को आयुष्मान भारत का लाभ दिए जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा संकल्प पत्र में किन्नर समाज के लोगों को भी आयुष्मान भारत से जोड़ने की बात कही गई है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए वन रैंक वन पेंशन लागू किया गया है। देश में 1 लाख करोड़ रूपए ओ.आर.ओ.पी पर खर्च हुआ है। उत्तराखंड में 3500 करोड रूपए ओ.आर.ओ.पी के माध्यम से 1 लाख 26 हज़ार सैनिकों को दिया गया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पहाड़ो के बॉर्डर एरिया में बीते 10 सालों में डबल लेन रोड़, ऑल वेदर रोड, डबल लेन पुल का कुल 13525 कि.मी का निर्माण हुआ है। और उत्तराखंड के 22 प्रोजेक्ट में 947 किलोमीटर की सड़क बनाई गई है। बॉर्डर में सड़कों के निर्माण से विकास को आगे बढ़ाया जा रहा हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ’उत्तराखंड को प्रधानमंत्री मोदी जी ने मुख्य धारा में रखा है। मोदी जी ने राजनीति की परिभाषा के साथ सोच भी बदली है। प्रधानमंत्री जी ने देश के अंतिम गांव को देश का पहला गांव बनाया है।’
वाइब्रेंट विलेज के तहत इन गावों का विकास हो रहा है। जिसमे 51 गांव वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल किए गए हैं, साथ ही इनके विकास हेतु 758 करोड़ रूपए खर्च होगा। चार धाम सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन पहुंचाई जा रही है। केदारनाथ का पुनर्निमाण का कार्य हुआ है। मसूरी में पर्यटन के कई विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा ’उत्तराखंड यूनिफॉर्म सिविल कोड में नंबर वन रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में आयुष्मान योजना के साथ अटल आयुष्मान को जोड़कर 52 लाख कार्ड बनाए गए हैं।’

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून में एयरपोर्ट का नया टर्मिनल का कार्य हुआ है। स्मार्ट सिटी में देहरादून को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा किसान सम्मान निधि को अगले 5 वर्षों के लिए आगे बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को भी आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर गरीबों को दिए गए हैं। और अभी संकल्प पत्र में 3 करोड़ और घरों को बनाने की व्यवस्था की गई है। आज हर पंचायत में 3 करोड़ से ज्यादा पैसा विकास योजनाओं के लिए आ रहा है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ’भाजपा, एनडीए का एक संकल्प पत्र है। परंतु गठबंधन होने के बावजूद विपक्ष में हर पार्टी का अलग-अलग संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा गठबंधन होने के बावजूद आपस में मिलने का संकल्प नही है’। विपक्षी गठबंधन भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है। मोदी जी ने संकल्प लिया है कि 4 जून के बाद भ्रष्टाचारियों पर और तेज करवाई होगी। और विपक्ष का गठबन्धन भ्रष्टाचारियों को बचाने की बात करता है। उनका जनता से कोई लेना-देना नहीं है। विपक्ष का लेना देना बस अपने परिवार से है। ’कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बोफोर्स, अगस्ता वेस्टलैंड, पनडुब्बी, कोयला, 2जी सहित कई घोटाले किए। अखिलेश ने लैपटॉप तो लालू ने चारा घोटाला किया। इन सब घोटालों में घोटाले और परिवार की पार्टियां है।’

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी से श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी जी को विजयी बनाकर आदरणीय मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी का देवभूमि उत्तराखंड की समस्त देवतुल्य जनता की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा को 18 करोड़ से ज्यादा कार्यकर्ताओं वाले विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल होने का गौरव प्राप्त है और ऐसी पार्टी का नेतृत्व श्री नड्डा जी द्वारा किया जाता है। ’उन्होंने कहा श्री नड्डा जी के नेतृत्व में आज देश के 17 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार है। उन्होने कहा नड्डा जी की सरलता, सहजता और शालीनता से हम सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर आगामी 19 अप्रैल को हमने मतदान करना है। उन्होंने कहा विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने हेतु 400 पार के नारे को सिद्ध करना है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं। मोदी जी के नेतृत्व में आधुनिक भारत के साथ आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी, देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। 10 सालों में हर पल हर क्षण देशवासियों को समर्पित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा द्वारा जारी घोषणा पत्र में हर क्षेत्र के उदय की बात कही गई है। घोषणा पत्र में विकसित भारत का संकल्प लिया गया है। राज्य सरकार ने भी राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। जो उत्तराखंड को बेहतर और श्रेष्ट राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने कहा 2022 विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में हमने समान नागरिक संहिता का संकल्प रखा था। जनता के आशीर्वाद से हमें सरकार में आने का अवसर मिला हमने मोदी जी की गारंटी को पूरा करते हुए समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया। भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र में पूरे देश के अंदर यूसीसी की जरूरत बताई है। यूसीसी को लागू करने की बात कही है। ’उत्तराखंड के अंदर से निकली समान नागरिक संहिता की गंगा देश के कोने कोने में पहुंचेगी। उन्होंने कहा नकल विरोधी कानून को भी संकल्प पत्र में स्थान दिया गया है। जिसे हम राज्य में पहले ही लागू कर चुके हैं।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लैंड जिहाद पर कार्यवाही हुई है, प्रदेश में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया हुआ है। उन्होंने कहा ’पिछले दिनों हमने अतिक्रमण हटाने के अभियान को जारी रखने की बात कही थी। जिसका कांग्रेस के लोगों ने दुष्प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बिगाड़ने वाले, हमारी संस्कृति को नुकसान पहुंचाने वाले अतिक्रमण पर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के मूल स्वरूप को किसी भी कीमत में खराब नहीं होने दिया जाएगा’। उन्होंने कहा राज्य सरकार द्वारा मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए है। यहाँ पर्यटन को बढ़ावा देने यातायात सुगम बनाने के साथ क्षेत्र की हर मूलभूत सुविधा को बेहतर बनाने का कार्य जारी है। हाल ही में क्षेत्र की 70 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा ’एक ओर हमारी सरकार मोदी जी के विकास की गारंटी वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार है। दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों की देश को लूटने की गारंटी वाली कांग्रेस है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में हर दिन घोटाले और घपले सामने आते थे। देश में सभी बड़े घोटालो के पीछे कांग्रेस का हाथ है। आज मोदी जी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस और देश के अन्य भ्रष्टाचारी दलों ने मिलकर गठबंधन कर लिया है। ’जनता का भरोसा खोने के बाद विपक्ष ईवीएम को दोष देता है, तो कभी लोकतंत्र को खतरे में बताते हैं। कांग्रेस ये कभी नहीं बताएगी कि हज़ारों सिखों का कत्लेआम करने वाले लोकतंत्र को झूठी बात करते हैं। इन्हीं लोगों ने सत्ता हथियाने के लिए देश में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया था’।
उन्होंने कहा कांग्रेस के काले कारनामों की लिस्ट बहुत लंबी है आज देश में जितनी भी समस्याएं हैं उनके पीछे कांग्रेस है। आज मोदी जी के नेतृत्व में हर एक समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस को भारी मतों से हराकर टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का रिकॉर्ड कायम रखते हुए हैट्रिक लगानी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 19 अप्रैल को पहले मतदान करें, फिर जलपान करें। माला राज्यलक्ष्मी को विजयी बनाकर मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान दें।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड वासियों से निकट का नाता, उत्तराखंड के प्यार को जीवन में नहीं भुलाया जा सकता हैः मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषिकेश स्थित आई.डी.पी.एल मैदान में भाजपा उत्तराखंड द्वारा आयोजित विजय संकल्प रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहाड़ी वाद्य यंत्र हुड़का उपहार स्वरूप प्रधानमंत्री को भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने स्वयं भी हुड़का बजाया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मां गंगा के सानिध्य में बसे, चार धाम के द्वार ऋषिकेश में इतनी विशाल संख्या में लोग हमें आशीर्वाद देने आए हैं। उन्होंने कहा जब भी वो उत्तराखंड आते हैं तो अपने परिवारजनों के साथ पुरानी यादें भी ताज़ा करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर, सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था। वहां भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार। उन्होंने कहा आज वो हिमालय की गोद में, बाबा केदार और बद्री विशाल के सानिध्य में आए हैं तो यहां भी फिर एक बार मोदी सरकार की गूंज है। उन्होंने कहा ये गूंज इसलिए है क्योंकि देश के लोगों ने पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार का काम देखा है।

प्रधानमंत्री ने कहा उत्तराखंड देवभूमि है, देवभूमि में देवताओं का आवाहन करने की परंपरा है। हुड़का की थाप से देवताओं का आह्वान किया जाता है। उन्होंने कहा आज उन्हें भी देवता रूपी जनता जनार्दन का आह्वान करने के लिए हुड़का बजाने का सौभाग्य मिला। प्रधानमंत्री ने कहा सरकार ने बीते 10 साल में भारत को कई गुना ज्यादा मजबूत बना दिया है। जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब दुश्मनों ने फायदा उठाया है। कमज़ोर और अस्थिर सरकारो में भारत में आतंकवाद ने पैर पसारे। आज भारत में मोदी की मज़बूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है, भारत का तिरंगा युद्धक्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बनता है, जम्मू कश्मीर से आर्टिकल-370 खात्मा होती है, तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाया जाता है, महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण दिया जाता है, सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी ने वन रैंक वन पेंशन लागू करने की गारंटी दी थी और इसे पूरा करके दिखाया। उन्होंने कहा कांग्रेस कहती थी, वन रैंक वन पेंशन लागू करके हम पूर्व सैनिकों को 500 करोड़ रुपए देंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन लागू करके पूर्व सैनिकों को एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा दिए हैं। उत्तराखंड में भी ओ.आर.ओ.पी के साढ़े 3 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा, सैनिक परिवारों को मिले हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस के समय में जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं थे। पर भाजपा की सरकार ने भारत में बनी बुलेट प्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आधुनिक राइफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमान वाहक पोत तक आज देश में ही बन रहे हैं। उन्होंने कहा जनता का उत्साह और जोश मेरे सर आंखों में है। उन्होंने कहा उत्तराखंड वालों के लिए मैं घर का सदस्य हूं। उत्तराखंड वासियों से निकट का नाता रहा है। उत्तराखंड के प्यार को जीवन में नहीं भुलाया जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कमज़ोर सरकार, सीमाओं पर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं बना पाई। पर आज हमारी सरकार पूरी सीमा पर आधुनिक सड़कें सुरंगें बना रही है। उन्होंने कहा बाबा केदार की भूमि से उन्होंने ये दशक उत्तराखंड का दशक बताया था। उन्होंने कहा हमारी सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य का लगातार विस्तार करने में जुटी है। जिसमे पर्यटन की बड़ी भूमिका है। ऋषिकेश, पर्यटन का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है। राफ्टिंग, कैंपिंग, एडवेंचर, आध्यात्म और योग, ऋषिकेश की पहचान है और हर कोई व्यक्ति यहां आकर आनंद से भर जाता है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार उत्तराखंड के पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर तैयार कर रही है, देश के किसी भी हिस्से से पर्यटकों के लिए उत्तराखंड के कोने-कोने तक पहुंचना आसान हो इसके लिए देवभूमि में रोडवेज, रेलवेज और एयरवेज की सुविधा बढ़ा रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन पर तेज़ी से काम चल रहा है। दिल्ली से देहरादून की दूरी भी सिमट रही है। उत्तराखंड के जिन सीमावर्ती गांवों को कांग्रेस अंतिम गांव कहती थी, भाजपा उन्हें देश का पहला गांव मानकर विकास कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा मानसखंड के तीर्थ स्थानों जैसे आदि कैलाश, ओम पर्वत दर्शन के लिए हेलीकाप्टर सेवाएं शुरू हो गई हैं। यमुनोत्री, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोप-वे बनने से बहुत सुविधा हो जाएगी। चार धाम परियोजना के तहत केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री को लगभग 900 किलोमीटर लंबे हाइवे से जोड़ा जा रहा है। इन सब प्रयासों से श्रद्धालुओं को उत्तराखंड पहुंचने में काफी आसानी हो रही है। उन्होंने कहा भाजपा की नीयत सही है। और जब नीयत सही होती है, तो नतीजे भी सही मिलते हैं। उन्होंने कहा 2017 तक केदारनाथ में एक साल के भीतर करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का रिकॉर्ड था। पिछले वर्ष करीब 20 लाख यात्री केदारनाथ के दर्शन के लिए आए। चारधाम यात्रा में पिछले वर्ष 55 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने उत्तराखंड की यात्रा की। उन्होंने कहा मानसखंड में आदि कैलाश और ओम पर्वत में भी यात्री की संख्या भी तेजी से बड़ी है। उन्होंने कहा पर्यटन बढ़ने का मतलब है, रोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में हो रहे विकास ने अब पलायन की खबरों को बीते दिन की बात बना दिया है। अब उत्तराखंड के स्टार्टअप की खबरें आती हैं। उत्तराखंड के नौजवानों ने एक हज़ार से अधिक स्टार्टअप रजिस्टर किए हैं, जिसमें 500 स्टार्टअप बेटियों के हैं। मुद्रा योजना से लाखों नौजवानों को बिना गारंटी के ऋण मिले हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस की सरकार में गरीब, नौजवान का पैसा, बिचौलिए खा जाते थे। पर भाजपा सरकार में लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर हो रहा है। उन्होंने बताया उत्तराखंड के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का 2600 करोड़ रुपए से अधिक मिल चुका है। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने लूट बंद की है, इसलिए कांग्रेस मोदी से गुस्सा है। उन्होंने कहा मोदी कह रहा है भ्रष्टाचार हटाओ, वो कह रहे हैं भ्रष्टाचारी बचाओ।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओँ के लिए तो पहले दिल्ली का शाही परिवार, अपना परिवार ही सबकुछ है। लेकिन मेरे लिए जनता और भारत ही मेरा परिवार है। उन्होने कहा उत्तराखंड राज्य की बहनों की समस्याओं को देखते हुए हमने घर-घर सस्ता सिलेंडर पहुंचाया। उन्होंने कहा आज उत्तराखंड के 10 में से 9 परिवारों के घर नल से जल आता है। उन्होंने कहा आने वाले 5 साल तक मुफ्त राशन मिलता रहेगा। अस्पताल में मुफ्त इलाज मिलता रहेगा। उत्तराखंड को एम्स की सुविधा मिली है। गांव-गांव अच्छे अस्पताल- आयुष्मान आरोग्य मंदिर बन रहे हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री धामी जी और उनकी सरकार राज्य में मेहनत करके शानदार काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस विकास और विरासत, दोनों की विरोधी है। उत्तराखंड का कोई निवासी नहीं भूल सकता कि कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया है। कांग्रेस ने पहले राम मंदिर का विरोध किया और फिर प्राण-प्रतिष्ठा का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कांग्रेस, शक्ति स्वरूपा मां धारी देवी, मां चन्द्रबदनी, मां ज्वाल्पा देवी की शक्ति को खत्म करना चाहती है।उन्होंने कहा उत्तराखंड की संस्कृति की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। ये वही कांग्रेस है जो कहती रही है कि हर की पौड़ी मां गंगा के किनारे पर नहीं, बल्कि एक नहर के किनारे बसी है। कांग्रेस के लोग गंगा जी के अस्तित्व पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड के लोग कांग्रेस को सबक सिखाकर रहेंगे। उन्होंने कहा उत्तराखंड, ब्रह्मकमल की धरती है। इस बार जनता के आशीर्वाद से पूरी शान से पंच-कमल खिलने चाहिए। उन्होंने कहा मेरा हर पल जनता को समर्पित है।

प्रधानमंत्री ने कहा टिहरी-गढ़वाल से माला राज्य लक्ष्मी शाह जी, गढ़वाल से अनिल बलूनी जी, और हरिद्वार से त्रिवेंद्र जी को हर बूथ पर विजयी बनाना है। साथ ही उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों से गांव में जाकर देवी-देवताओ के मंदिर में उनकी ओर से माथा टेकने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के योगनगरी ऋषिकेश आगमन पर देवभूमि की समस्त जनता की ओर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौत्र नवरात्रि की तृतीया तिथि को मां चंद्रघंटा की स्तुति हम सब करते हैं, ऐसे पावन दिन देश को बेटी-बचाओं, बेटी-पढ़ाओ का मंत्र देने वाले आदरणीय प्रधानमंत्री जी का सानिध्य हम सभी को प्राप्त हो रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हमने प्रदेश में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किए, जिसके माध्यम से प्रदेश की समस्त मातृशक्ति के साथ सीधे संवाद स्थापित करने का सुअवसर प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन का हर पल हर क्षण भारत मां को आगे बढ़ाने के लिए लगाया है। देश को अपना परिवार मानकर रात दिन थके – रुके बिना लगातार काम किया है। जिसके परिणाम स्वरूप आज भारत हर क्षेत्र में नित नई ऊंचाईयों को छू रहा है। आज का नया भारत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और समृद्ध है। सामरिक दृष्टि से भी और अधिक सशक्त एवं सुरक्षित है। उन्होंने कहा आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व वाली सरकार ने 2014 के पश्चात कश्मीर से धारा 370 के खात्मे, अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य एवं दिव्य मंदिर के निर्माण और देश में सीएए लागू करने सहित ऐसेे अनेकों ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनकी कल्पना किसी ने की थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए काम कर रही है। केन्द्र सरकार के सहयोग से हम हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर बनाने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पहाड़ों तक रेल पहुंचाने का सपना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के साथ पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तराखंड को जी-20 महासम्मेलन की तीन बैठकों का आयोजन रामनगर, नरेन्द्र नगर एवं ऋषिकेश में करने का अवसर प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व एवं राज्य की जनता के आशीर्वाद से 2022 विधानसभा चुनाव में पुनः भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कहा जनता से किए वादे अनुसार राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पास हुआ। उन्होंने कहा राज्य सरकार उत्तराखण्ड में समान नागरिक संहिता लाकर सभी को समान अधिकार देने की बात कर रही है तो वहीं कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में मुस्लिम पर्सनल लॉ की बात कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा जिन पार्टियों ने अपने शासनकाल में देश को लूटा, उनसे जवाब मांगने पर वे प्रधानमंत्री को अनाप-शनाप बोल रहे हैं। विपक्षी पार्टियां बौखलाकर अपने स्लीपर सेल को आगे कर रही हैं। उन्होंने कहा अब जातिवाद, वर्गवाद, के चक्कर में नहीं आना है। मोदी जी के नेतृत्व में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी, तक पूरा देश विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश विपक्ष की बातों में आने वाला नहीं है क्योकि अब देश जाग चुका है, देश बदल चुका है। आज का नया भारत अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए सजग और संवेदनशील है। उन्होंने कहा देश में इमरजेंसी लगाने वाले, केवल अपने परिवार की ही स्तुति करने वाले, समाज को जातियों में बाँटने वाले, और हर दिन एक नया घोटाला करने वाले लोग आज प्रधानमंत्री जी से परेशान हैं। क्योंकि मोदी जी का मंत्र है ’ना खाऊंगा ना खाने दूंगा’। और यही मोदी जी की गांरटी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 2014 से 2019 तक का समय देश की आवश्यकताओं को पूर्ण करने का था। 2019 से 2024 तक का समय देश की आकांक्षाओं की पूर्ति करने का था। अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2024 से 2029 तक का समय भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने के मार्ग को प्रशस्त करने का होगा। मुख्यमंत्री ने कहा उन्हें पूर्ण विश्वास है कि देवभूमि की समस्त देवतुल्य जनता लोकसभा चुनावों में भाजपा को पांचों सीटों पर प्रचंड बहुमत से विजय दिलाकर आदरणीय प्रधानमंत्री जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी, टिहरी से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने को पीएम के नेतृत्व में लगा रहे अपना पल-पलः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल लोकसभा के अंर्तगत हिमगिरी स्टेडियम, लेटीबुंगा ( मुक्तेश्वर, नैनीताल) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के साथ इस क्षेत्र की देवतुल्य जनता ने भी विधानसभा चुनावों में भाजपा को पुनः विजय बनाकर राज्य में सरकार बनाई थी। लम्बे समय से चले आ रहे मिथक को तोड़ने का काम किया था। हमने जनता से समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया था, जिसे सरकार बनने के बाद पूरा किया गया है। देश के अंदर लगातार समान नागरिक संहिता पर मांग उठती रही है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में धारा 370 समाप्त हुई जिसके एक भारत की परिकल्पना पूर्ण हुई है। समान नागरिक संहिता विधेयक पास होने का श्रेय उत्तराखंड के नागरिकों को जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार समान नागरिक संहिता लागू एवं धारा 370 समाप्त कर एक भारत श्रेष्ठ भारत की बात कर रही है तो कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में मुस्लिम पर्सनल लॉ को लागू/ बरकरार रखने की बात कही है। यह कांग्रेस की तुष्टिकरण वोट बैंक की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में मुस्लिम लीग की विचारधारा की छाप दिख रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा की बात हो रही है। उन्होंने कहा नैनीताल क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्री अजय भट्ट जी जनता ने अपना समर्थन देना है। अजय भट्ट मोदी के कैबिनेट में रक्षाराज्य मंत्री के रूप में देश को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अजय भट्ट जी ने संपूर्ण देश के साथ नैनीताल लोकसभा का विशेष ध्यान रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल में एचएमटी की कई एकड़ जमीन राज्य सरकार को हस्तांतरण की गई है, जमरानी बांध परियोजना को मंजूरी मिल गई है। लालकुआं, हल्द्वानी, रामनगर में रेल लाइनो का नवीनीकरण। जारी है। अमृतसर के लिए ट्रैन शुरू हो गई है। किच्छा में एम्स बनने जा रहा है। हल्द्वानी को स्मार्ट शहर बनाने के लिए 2200 करोड़ की धनराशी प्राप्त हुई है। रोड़वेज टर्मिनल बन गया है। रिंग रोड पर कार्य जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विकसित और आत्मनिर्भर भारत के रूप में उभर रहा है। पिछले 10 वर्षाे में गांव से शहर तक, हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार आम जन के कल्याण हेतु कई योजनाएं संचालित कर रही है। जनधन योजना, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, जल जीवन मिशन जैसी योजनाओ से देश एवं प्रदेश का विकास निरंतर जारी है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश हित में कई कड़े निर्णय लिए गए हैं। देश में सीएए लागू किया गया है। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हुआ है तीन तलाक का खात्मा हुआ है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सेना को पहले से और अधिक सशक्त किया गया है। आज दुश्मनों की ओर से आने वाली गोली का जवाब देने के लिए किसी तरह की अनुमति नहीं लेनी पड़ती। आज गोली का जवाब गोलों से दिया जा रहा है। वन रैंक वन पेंशन लागू किया गया है। राज्य सरकार शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने उत्तराखंड के हित में कई कड़े कानून लागू किए हैं। परीक्षाओं में हो रही निरंतर नकल पर रोक लगाते हुए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। 100 से भी अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है हल्द्वानी में जो दंगे हुए उसे उत्तराखंड वासी स्वीकार नहीं कर सकते। दंगा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो रही है। जिसके लिए दंगा रोधी कानून लाया गया है। उन्होंने कहा प्रदेश के जंगलों में पीली हरी चादर लगाकर जमीन पर अतिक्रमण किया जा रहा था, हमने सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने का काम किया है। महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास की सीढ़ियां चढ़ रहा है। मोदी जी कहते हैं गरीबी को खत्म करो तो कांग्रेस वाले कहते हैं मोदी को खत्म करो। उन्होंने कहा मोदी देश की 140 करोड़ जनता के दिलों में बसते हैं, उनको खत्म करने के मंसूबे रखने वालों को जनता खुद ही अपने वोट से खत्म कर देगी। उन्होंने कहा सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले राजकुमार गरीब का दर्द नही जान सकते हैं। जीवनभर वंशवाद के साए में पलने वाले लोग जनता के संघर्ष को नही जान सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड हेतु केंद्र द्वार दो लाख करोड़ रूपए की योजनाएं स्वीकृत की हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है।आदरणीय मोदी जी हर कदम पर उत्तराखंड का साथ दे रहे हैं। अब उत्तराखंड की जनता की बारी है कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में अपना योगदान दें। हम सबने मिलकर नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को भारी से भारी मतों से विजय बनाकर लोकसभा में भेजना है।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, प्रदीप, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल डब्बू एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

खटीमा मेंरी कर्मभूमि, अधिकांश से है परिचयः धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बंडिया, खटीमा ऊधमसिंहनगर में भाजपा नौसर मण्डल द्वारा आयोजित ’जनमिलन कार्यक्रम’ में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं खटीमा वासियों के बीच में पला बड़ा हूं। खटीमा क्षेत्र में अधिकांश लोगों को उनके नाम, काम, गांव, घर से जानता हूं। प्रधानमंत्री एवं जनता जनार्दन के आशीर्वाद से प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। जनता के आशीर्वाद से इस बार हर कोई कह रहा है मोदी की सरकार बनने जा रही है। इस बार प्रश्न भाजपा के पक्ष में 400 से अधिक सीटें लाने का है। उन्होंने कहा खटीमा विधानसभा अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड नैनीताल लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में सबसे अधिक वोट देने जा रही है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में हम सब ने सहायक सिद्ध होना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का हर वोट सीधा प्रधानमंत्री को जाएगा जिससे उनकी ताकत बढ़ेगी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का मतलब चौतरफा विकास रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, बच्चों का सुरक्षित भविष्य, सुविधाएं का विस्तार मिलने से है। उन्होंने कहा 2014 के बाद से भारत के स्वर्णिम काल की शुरुआत हुई है। भारत बुलंदियों तक पहुंच रहा है, हर क्षेत्र में भारत का मान सम्मान स्वाभिमान पहचान बढ़ रही है। विदेशो में रहने वाले भारतीयों का भी गौरव बढा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कश्मीर से धारा 370 का खात्मा हुआ है। देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू हो गया है। तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को मुक्ति मिली है। अयोध्या में भगवान श्रीराम का दिव्य व भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को आगे बढ़ाया जा रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया गया है। सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। धर्मांतरण कानून, दंगारोधी कानून लागू किया गया है। सरकारी नौकरी में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन किया गया। 3.5 लाख करोड के एमओयू हुए जिसमें से 25 हज़ार करोड़ के एमओयू उधम सिंह नगर जिले में हुए है। 18 हज़ार करोड़ की ग्राउंडिंग में काम शुरु हो गया है। इससे युवाओं के लिए घर के पास रोजगर के अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दस वर्ष के कार्यकाल में सबसे बड़ा कार्य गरीब कल्याण का किया है। पर विपक्ष ने हमेशा परिवारवाद, जातिवाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा यह चुनाव राष्ट्र प्रथम और परिवार प्रथम की बात करने वालो के बीच का चुनाव है। उन्होंने कहा भाजपा राष्ट्र प्रथम चाहती है पर विपक्ष परिवार प्रथम चाहता है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री भ्रष्टाचारियों को जेल में डालने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र दिया है। जबकि विपक्ष भ्रष्टाचार का पक्षधर है। कांग्रेस के करप्शन वाले काले हाथ ने हमेशा उत्तराखंड को पीछे धकेलने का काम किया है। कांग्रेस दल और इनके नेता देवभूमि और देश के लिए केवल समस्या हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने वोट की चोट से विपक्ष को अहसास दिलाना है कि इन्होने देश और उत्तराखण्ड के साथ कितना बड़ा धोखा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वो खटीमा के बेटे के रूप में खटीमा के लिए हमेशा प्रयास करते रहते हैं। उनका प्रयास खटीमा का विकास से है। हमारी सरकार उत्तराखण्ड को लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही है। खटीमा में स्वास्थ्य, सड़क, स्कूल, आंतरिक मार्ग हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए है। उन्होंने कहा 19 अप्रैल को विकसित उत्तराखंड विकसित भारत के लिए भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को अधिक से अधिक मत देने हैं। अजय को विजय बनाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है।

इस दौरान भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, जिला अध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, उत्तम दत्ता, सोमनाथ मौर्य, राजपाल सिंह, रंजीत सिंह नामधारी, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

डूबते जहाज से कांग्रेस मे हलचल, भाजपा पर तोहमत लगा रहे कांग्रेस अध्यक्षः भाजपा


देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस मे भगदड़ की स्थिति है और अधिकांश नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष इसके लिए कांग्रेस की कुनीति को जिम्मेदार मानने के बजाय सत्तारुढ दल के साथ पार्टनरशिप से जोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी का किसी भी दल को ज्वाइन करना उसका निजी विषय है और इसके लिए किसी को कारण नही बनाया जा सकता है। चौहान ने कहा कि किसी जांच की आशंका मे फंसे होने अथवा अन्य कारण होने का यह मतलब नही कि भाजपा की सदस्यता से वह जांच से बच जायेगा। कानून और जांच एजेंसियां तो अपना कार्य करती ही रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक कोई व्यक्ति कांग्रेस मे है तो वह उसे पाक साफ माने और भाजपा की सदस्यता लेते ही उसे आरोपों के घेरे मे ले यह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस घबराई हुई है और उसके नेताओं के भाजपा ज्वाइन करने पर वह ऐसे आरोप लगाती रही है। भाजपा पाँचों सीटों पर बड़े अंतर की जीत के लिए जुटी है।

चौहान ने कांग्रेस के पौड़ी प्रत्याशी गणेश गोदियाल के द्वारा चंदा मांगने को राजनैतिक स्टंट बताया। उन्होंने कहा कि वह मुंबई के स्थापित उद्योगपति रहे हैं और हाल ही मे इनकम टैक्स की ओर से उन्हे समन किया गया था। जनता के बीच वह खुद को साधन और संसाधनहीन दिखाने के लिए ऐसे प्रपंच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को उनके कथन पर भरोसा नही है। राज्य मे चल रही मोदी लहर से कांग्रेसी घबरा गए है और भाजपा प्रत्याशियों को लेकर दुष्प्रचार कर रहे है।

उत्तराखंडः प्रदेश में बुजुर्ग मतदाताओं के लिए निर्चाचन आयोग करने देने जा रहा ये सुविधा…

निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया को सुगम बनाने में जुटा है। बुजुर्ग वोटरों के घर जाकर मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में अब तक 65 हजार से अधिक बुजुर्ग मतदाताओं में से 10 हजार से ज्यादा आवेदन निर्वाचन आयोग को मिले हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। बताया कि 85$ आयु के मतदाताओं के लिए घर पर जाकर मतदान की व्यवस्था सुनिश्चत की जा रही हैं। बताया कि राज्य में 85$ आयु के 65 हजार 160 मतदाता हैं। जिनमें से 10 हजार 390 आवेदन प्राप्त हुए हैं। राज्य में 80 हजार 330 दिव्यांग (पीडब्ल्यूडी) मतदाता हैं, उनमें से 5 हजार 576 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से वोटिंग के लिए आवेदन किया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य में 11,729 मतदेय स्थलों में मतदाओं के लिए न्यूनतम सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। 97 से 98 प्रतिशत मतदेय स्थलों पर रैम्प, पेयजल, फर्नीचर, शेड की व्यवस्था उपलब्ध हैं। कुछ मतदेय स्थलों पर न्यूनतम सुविधाओं के अंतर्गत रैम्प, पेयजल, फर्नीचर, शेड आदि की वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी।

उन्होंने बताया कि दिव्यांग श्रेणी के चिह्नित मतदाताओं और 85$ वर्ष के मतदाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सक्षम एप की व्यवस्था की गई है। बताया कि निर्वाचन में शामिल सभी कार्मिकों के लिए निर्वाचन ड्यूटी के दौरान आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क और कैशलेस चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। इसमें सरकारी और सूचीबद्ध अस्पतालों को शामिल किया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सी-विजिल ऐप के माध्यम से अभी तक राज्य में 9 हजार 318 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। 8930 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। 369 शिकायतें सही न पाये जाने पर ड्रॉप की गई हैं। 19 शिकायतों पर कार्यवाही गतिमान है।

लोकसभा चुनावः उत्तराखण्ड में पहले चरण में होगा चुनाव

लोकसभा चुनाव को लेकर आज भारतीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। उत्तराखंड में पहले चरण में 19 अप्रैल को पांचों सीटों पर मतदान होगा। वहीं, चार जून को मतगणना होगी।

बता दें कि 2019 में भी उत्तराखंड में पहले चरण में ही 11 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। तब कुल 57.09 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। यह आंकड़ा वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव की तुलना में कम था। नैनीताल संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 66.39 प्रतिशत और पौड़ी में सबसे कम 48.78 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि 2014 में 62.15 प्रतिशत मतदान हुआ था।

’भाजपा पांचों सीटों पर घोषित कर चुकी प्रत्याशी’
बता दें कि, उत्तराखंड में पांच लोकसभा सीट हैं। चुनाव के लिए भाजपा पांचों सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। टिहरी गढ़वाल सीट से माला राज्यलक्ष्मी शाह, नैनीताल सीट से अजय भट्ट और अल्मोड़ा सीट से अजय टम्टा को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, पौड़ी गढ़वाल सीट पर सांसद व पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी और हरिद्वार से पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पर दांव लगाया है।

’कांग्रेस तीन सीटों पर घोषित कर चुकी उम्मीदवार’
कांग्रेस ने उत्तराखंड की तीन लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। टिहरी गढ़वाल सीट से जोत सिंह गुनसोला, पौड़ी सीट से गणेश गोदियाल और अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा पर दांव खेला गया है। दो सीटों पर अभी भी सस्पेंस बना है।

’उत्तराखंड में मतदाता’
83,37066 कुल मतदाता
4361360 पुरुष मतदाता
3975134 महिला मतदाता
286 ट्रांसजेंडर मतदाता

गढ़वाल लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा सर्विस मतदाता
टिहरी- 12,876
गढ़वाल- 34,963
अल्मोड़ा- 29,157
नैनीताल- 10,616
हरिद्वार- 5,745