सीएम के निर्देश पर हेली एम्बुलेंस से चमोली के तीन मरीज देहरादून में हुए भर्ती

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती जलने से घायल तीन लोगों को हेली एम्बुलेंस द्वारा देहरादून लाकर कोरोनेशन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
आज मुख्यमंत्री आपदा ग्रस्त क्षेत्रों के निरीक्षण व आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए चमोली व पौङी जिलों के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को चमोली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जान रहे थे। अस्पताल में मैठाणा गांव के 6 मरीज भर्ती थे जो गैस सिलेण्डर फटने के कारण बुरी तरह झुलस गए थे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि 30 प्रतिशत से अधिक बर्न मरीजों को तत्काल हेली एंबुलेंस से आज ही कोरोनेशन हॉस्पिटल देहरादून भेजा जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला अस्पताल में भर्ती 6 मरीजों में से 3 मरीजों को रेफर कर हेली एंबुलेंस से देहरादून भेजा गया। कैलाश पुत्र कृपाल लाल उम्र 35 वर्ष तथा प्रिन्स कुमार पुत्र विजेन्द्र उम 29 वर्ष के घर पर गैस सिलेण्डर की आग में 30 प्रतिशत से अधिक बर्न हुए है। जबकि दृष्टि पुत्री विजेन्द्र कुमार उम्र 18 वर्ष जो की गर्भवती होने के साथ बर्न भी हुई है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आज रेफर किया गया और हेली एम्बुलेंस द्वारा देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीएम ने दी विकास कार्यों के लिए 391 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सी.आर.आई.एफ. (केन्द्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अन्तर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु 391 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र नरेन्द्रनगर में लक्ष्मणझूला में वैकल्पिक सेतु के निर्माण हेतु 68 करोड़ 86 लाख रूपये, ‘‘गदरपुर-दिनेशपुर-मदकोटा-हल्द्वानी मोटर मार्ग’’ का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण हेतु 58 करोड़ 6 लाख रूपये, जनपद अल्मोड़ा में ‘‘धारी डोबा गिरेछीना मोटर मार्ग’’ का सुदृढ़ीकरण हेतु 15 करोड़ 45 लाख रूपये, सुवाखोली-अलमस-भवान-नगुण मोटर मार्ग का डी.बी.एम./बी.सी. द्वारा पक्कीकरण एवं सड़क सुरक्षा कार्य हेतु 55 करोड़ 35 लाख रूपये, जनपद पिथौरागढ़ में गुप्तड़ी-पाताल भुवनेश्वर मोटर मार्ग के राईडिंग क्वालिटी का सुधारीकरण कार्य हेतु 12 करोड़ 92 लाख रूपये, जनपद ऊधमसिंह नगर के नगला-किच्छा राज्य मार्ग को दो लेन पेव्ड शोल्डर सहित चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण हेतु 53 करोड़ 74 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने ‘‘मरचूला-सराईक्षेत-बैंजरो-सतपुली राज्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण हेतु 11 करोड़ 94 लाख रूपये, बड़ावाला-कटापत्थर-जुड्डो मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण हेतु 28 करोड़ 63 लाख रूपये, चम्बा-कोटी कॉलोनी-भागीरथीपुरम मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण हेतु 24 करोड़ 97 लाख रूपये, जनपद चमोली में मींग गधेरे से गढ़कोट तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण हेतु 12 करोड़ 58 लाख रूपये, रूड़की-लक्सर-बालावाली मोटर मार्ग का चौड़ीकरण हेतु 25 करोड़ 18 लाख रूपये, जनपद चमोली में पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं बी.एम/एस.डी.बी.सी. से डामरीकरण हेतु 23 करोड़ 37 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज ज्वालापुर धीरवाली के भवन निर्माण हेतु 1 करोड़ 66 लाख रूपये की स्वीकृति भी प्रदान की है।

पीएम स्वनिधि के पंजीकृत लाभार्थियों के लिए 17 करोड़ रूपये स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में पीएम स्वनिधि योजनान्तर्गत पंजीकृत सभी लाभार्थियों को रू. 2000 प्रतिमाह की दर से 5 माह तक आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने हेतु प्रथम किस्त के रूप में 17 करोड़ रूपये की स्वीकृति का शासनादेश जारी कर दिया गया है।

संयुक्त कार्रवाई में चेन स्नेचिंग गैंग का शातिर गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चेन स्नेचिंग गैंग के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी तमंचा, 2 जिंदा कारतूस समेत लूटी हुई चेन बरामद की है। जबकि वारदात में शामिल आरोपी का बेटा फरार चल रहा है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक भट्टोवाला, श्यामपुर निवासी मनीष व्यास पुत्र स्व. दिनेश व्यास ने शिकायत दर्ज करायी थी कि 14 अक्तूबर को उनकी मां विजयलक्ष्मी व्यास घर से शादी समारोह में शामिल होने रायवाला गई थी। वे शादी से शाम के समय पैदल ही घर वापस आ रही थी। इसीबीच भट्टोवाला प्राइमरी स्कूल के समीप पीछे से बाइक में सवार दो लोगों ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और धक्का देकर फरार हो गए। बदहवास हालत में घर पहुंची मां ने घटना की जानकारी दी।
मुकदमा दर्ज करने के बाद बदमाशों की धरपकड़ में जुटी पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आसपास लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। सुराग हाथ लगने पर पुलिस ने मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गढ़ी श्यामपुर तिराहे के पास एक आरोपी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन, देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आरोपी की पहचान इरफान पुत्र स्व. असगर अली निवासी ग्राम शिवदासपुर, रामपुर मनिहारन, सहारनपुर, यूपी के रूप में करायी है। बताया कि वारदात में शामिल आरोपी का पुत्र दानिश फरार है। ये लोग वर्तमान में ज्वालापुर, हरिद्वार में रहते हैं।

विस अध्यक्ष को वाल्मीकि समाज ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार देर शांय महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आईडीपीएल क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर महर्षि बाल्मीकि की जय जयकार से क्षेत्र गूंज उठा। आईडीपीएल बाल्मीकि मंदिर से प्रारंभ हुई शोभा यात्रा पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल भी शोभायात्रा में शामिल हुए।
वाल्मीकि मंदिर आईडीपीएल से प्रारंभ हुई शोभायात्रा राम मंदिर, आईडीपीएल गेट, मीराबेन, बापूग्राम होते हुए नगर निगम शाखा कार्यालय पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में महर्षि बाल्मीकि, लव कुश, राधा कृष्ण, बाबा भोलेनाथ, माता सबरी एवं हनुमान जी की झांकियां बैंड बाजे के साथ विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई निकली, झांकी को देखने के लिए सड़क के दोनों और काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का बाल्मीकि समाज द्वारा पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। साथ ही महर्षि बाल्मीकि का चित्र भी उन्हें भेंट किया गया। इस दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अखाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि बाल्मीकि ने रामायण जैसे महान धार्मिक ग्रंथ की रचना की वह पूरे समाज के लिए पूजनीय हैं। विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि हमें महर्षि बाल्मीकि द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर श्रीराम के आदर्शों को अपनाना होगा। विस अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने पूरे संसार को संदेश दिया था कि मनुष्य की इच्छाशक्ति उसके साथ हो तो बड़ा काम भी आसान हो जाता है। महर्षि वाल्मीकि श्लोक के जन्मदाता थे उन्होंने ही संस्कृत का प्रथम श्लोक लिखा था। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मनुष्य जाति, धर्म, क्षेत्र से नहीं बल्कि कर्मों से महान बनता है।
इस अवसर पर भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष बाल्मीकि, बाल्मीकि समाज के अध्यक्ष सुरेश, बाल्मीकि जयंती के अध्यक्ष सनी, रविंद्र राणा, नरेश कुमार, आत्माराम, दिनेश, अनिल खन्ना, महिपाल, मंडल महामंत्री सुमन, निखिल, पार्षद रश्मि देवी, हेमा, नरेश, चंचल, राहुल, राकेश, राजीव, निखिल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

उत्तराखंड की सपा के भविष्य को लेकर चर्चा

समाजवादी पार्टी, उत्तराखण्ड के प्रदेश कार्यालय पर आज ऋषिकेश विधानसभा चुनाव के साथ जनपद देहरादून की समस्त विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हुई।
इस मौके पर प्रदेश सचिव व प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट अतुल यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ सत्यनारायण सचान ने प्रदेश संगठन को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सपा प्रदेश की सभी विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने जा रही हैं। सपा नेताओं से लोगों के बीच जाने और पार्टी की नीति रीति से लोगों को जानकारी देने की बात कही। इस मौके पर जिला अध्यक्ष आलोक राय, प्रदेश सचिव प्रदीप चौधरी, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव मौजूद रहे।

मासिक धर्म के दौरान साफ सफाई को जरुरी बताया

सेतु फाउंडेशन द्वारा स्वयं सहायता समूह के सदस्यों और अन्य ग्रामीण महिलाओं को सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। इस मौके पर संस्था सचिव सरिता भट्ट ने उपस्थित महिलाओं को उन जरूरी दिनों में साफ सफाई रखने से संबंधित जानकारी दी।
संस्था की ओर से सभी प्रतिभागियों को बताया कि मासिक धर्म के दौरान साफ सफाई का ध्यान नहीं रखने से गुप्तांगों में इंफेक्शन का खतरा रहता है। जो आगे चल कर गंभीर समस्या खड़ा कर सकता है। संस्था ने सेनेटरी पैड का इस्तेमाल करने पर जोर देते हुए उपयोग करने के बाद सुरक्षित स्थान पर डालने को जरुरी बताया। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं कपड़े का इस्तेमाल करती हैं तो एक दिन में दो बार कपड़े को बदले और धोने के बाद धूप में ही अच्छी तरह से सुखाये। कार्यक्रम में सरिता पाल, रंजना, कविता रानी, गुंजन बिष्ट सहित 30 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

मानवेन्द्र कंडारी ने अपने जन्मदिन पर 3 दिव्यांगजनों को व्हील चेयर दी

स्वर्गीय धूम सिंह कंडारी वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आज संस्था के संस्थापक मानवेंद्र कंडारी का जन्म दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संस्थापक द्वारा क्षेत्र के 3 दिव्यांग लोगों को व्हील चेयर का वितरण किया गया। इनमें टिहरी विस्थापित कॉलोनी डोबरा के 45 वर्षीय दिनेश राणा, विस्थापित क्षेत्र माली देवल के 11 वर्षीय ऋषभ जोशी तथा रुषा फार्म गुमानी वाला की 13 वर्षीय ऋषिता थापा शामिल रही।
इस अवसर पर संस्थापक मानवेंद्र कंडारी ने बताया कि संस्था समय-समय पर क्षेत्र के दिव्यांग, निराश्रितों और असहाय लोगों की मदद के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करती है। इस अवसर पर रोटरी सेंट्रल के अध्यक्ष संजय सकलानी, स्व.धूम सिंह कंडारी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह चौहान, उपाध्यक्ष महावीर उपाध्याय, सचिव टेक सिंह राणा, विनोद पोखरियाल, नवीन नेगी, ग्राम प्रधान राजेश व्यास, जिला पंचायत सदस्य संजीव चौहान, कांता प्रसाद कंडवाल, पूर्व प्रधान सरोप सिंह पुंडीर आदि उपस्थित रहे।

बूथ स्तर पर युवाओं को दी जा रही जिम्मेदारी

नगर निगम क्षेत्र के बीस बीघा में आज कांग्रेस पार्टी ने युवाओं की एक बैठक आयोजित की। जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर युवाओं की योगदान पर चर्चा की गई। साथ ही बूथ स्तर पर युवाओं की टीम का गठन भी किया गया।
इस अवसर पर एआईसीसी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि अब भाजपा से युवाओं का मोह भंग हो रहा हैं। जहां एक ओर महंगाई चरम पर है, वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी ने युवाओं को तोड़ दिया हैं। इसलिए आज युवा खुलकर कांग्रेस के साथ खड़े होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जहां-जहां भी कांग्रेस की बैठकें हो रही है वहां पर बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिल रही है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि 2022 मे प्रदेशभर और ऋषिकेश विधानसभा में कांग्रेस की जीत होगी।
वहीं, महानगर कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय ने कहा कि कांग्रेस का बूथ स्तर पर नये कार्यकर्ताओं को जोड़ने व बूथ में युवाओं को सक्रिय करने की रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। नए वोटरो को भी कांग्रेस सरकार के जनहित के कार्यों से अवगत कराकर हर बूथ पर नए युवाओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी भी दी जा रही है।
बैठक में प्रदीप चंद्रा, नरेंद्र चौहान, इमरान सैफी, शोबित नेगी, सूरज उनियाल, विवेक कोठारी विकाश नेगी, मोहित पंवार, मोहित नेगी, अभिषेक चौहान, रवि कुमार, सूरज रावत, विनीत रतूड़ी, आकाश उनियाल, निशांत बागड़ी आदि लोग मौजूद थे।

503 Service Unavailable

Service Unavailable

The server is temporarily unable to service your request due to maintenance downtime or capacity problems. Please try again later.

Additionally, a 503 Service Unavailable error was encountered while trying to use an ErrorDocument to handle the request.