सीएम ने दी, लक्सर विधानसभा को 4922.82 लाख रूपये की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर में 4922.82 लाख रूपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 362.46 लाख रूपये की योजनाओं का लोकार्पण और 4560.36 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया गया।

’लोकार्पण’
लोकार्पित की गई योजनाओं में ग्राम केहङा परगना मंगलौर में 230.36 लाख की लागत से बस स्टैंड, 86.24 लाख की लागत से राजकीय इंटर कालेज निरंजनपुर में चाहरदीवारी और 2 प्रयोगशाला, 45.86 लाख की लागत से ग्राम नगला खिताब में बारातघर शामिल हैं।

’शिलान्यास’
इसी प्रकार शिलान्यास की गई योजनाओं में 145.65 लाख रूपये की लागत से ग्राम सुल्तानपुर में कब्रिस्तान चौराहे से पंचलेश्वर महादेव मंदिर तक मार्ग का पुनः निर्माण कार्य (द्वितीय चरण), 117.03 लाख की लागत से ग्राम रणजीतपुर से सिद्ध बाबा की ओर सड़क का निर्माण कार्य(राज्य पोषित), 203.92 लाख की लागत से ग्राम अकीबा खुर्द (शमशान घाट के पास) ग्राम दरमाहपुर एवं बहालपुरी को जोड़ने वाले मार्ग पर पथरी रोड़ पर 50.00 मीटर स्थान चौक्स टाईप पुल व पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य (द्वितीय चरण), 4093.76 लाख की लागत से केन्द्रीय सड़क निधि के अन्तर्गत भोगपुर- रायसी (राज्य मार्ग सं0 67) मोटर मार्ग का सिंगिल लेन/इण्टरमीडिएट लेन से 2 लेन (कि.मी. 0.00 से किमी 21.657) तक चौड़ीकरण एवं सुदढ़ीकरण कार्य और भोगपुर-रायसी (राज्य मार्ग सं0-67) मोटर मार्ग का सिंगिल लेन/इण्टरमीडिएट लेन से 2 लेन (किमी0 0.00 से किमी 21.657) तक चौड़ीकरण एवं सुद्ढ़ीकरण कार्य के अन्तर्गत किमी. 21 में 60 मी. स्पान आर.सी.सी. सेतु का निर्माण कार्य शामिल हैं।

’घोषणाएं’
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लक्सर क्षेत्र के लिये अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की।
विधान सभा क्षेत्र लक्सर के अन्तर्गत लक्सर नगर में खेल मैदान का निर्माण किया जायेगा। ग्राम भिक्कमपुर, जीतपुर में यथा आवश्यकतानुसार एसडीआरएफ की तैनाती की जायेगी। ग्राम भिक्कमपरु, जीतपुर में विद्युत आपूर्ति हेतु यथा आवश्यक क्षमता के विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण किया जायेगा। गंगा नदी के बांध पर हरिद्वार-भोगपुर-बालावाला सडक का निर्माण किया जायेगा। ग्राम पंचायत सुल्तानपुर, आदमपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिया जायेगा। लक्सर नगर में रेलवे अण्डरपास/ओवर हेड ब्रिज का निर्माण किया जायेगा। विधान सभा क्षेत्र लक्सर के अंतर्गत ’100 हैण्ड पम्प’ लगाये जायेंगे। नगर पंचायत लक्सर के प्रमुख चौराहो पर हाईमास्क लाईट लगायी जायेगी। ’लक्सर विधायक संजय गुप्ता के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने लक्सर में अगले सत्र में महाविद्यालय की भी घोषणा की।’

’समाज के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य’
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि समाज के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि पर फोकस। सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास हमारा मूल मंत्र है।

’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का नम्बर एक राज्य बनाएंगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का प्रथम राज्य बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। हमें केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। सरकार दिसंबर तक वैक्सीनेशन का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार, राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने के लिए देवभूमि उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। संजय गुप्ता विधायक लक्सर एक अत्यंत जुझारू एवं ऊर्जावान नेता हैं, इनके नेतृत्व में लक्सर विधानसभा क्षेत्र का विकास अत्यंत तेज गति से हुआ है।

’युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण’
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की भागीदारी के बिना कोई भी समाज अधूरा है। एक युवा ही है जो देश के भविष्य को आकार देता है। युवाओं के लिए किसी ने सच ही कहा है कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में साल 2025 तक उत्तराखण्ड को पर्यटन, शिक्षा, अध्यात्म के क्षेत्र में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 22-24 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। हमारी सरकार ने अतिथि शिक्षकों का वेतन 15,000 से बढ़ाकर 25,000 किया है। लम्बे समय से चली आ रही ग्राम प्रधानों की माँग को पूरा करते हुए प्रधानों के मानदेय में बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य, पर्यटन के क्षेत्र में कोविड राहत पैकेज दिया है, इसके अलावा निशुल्क जांच योजना, वात्सल्य योजना से जनता को राहत मिल रही है। केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना से लोगों के जीवन में काफी परिवर्तन आया है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चौपियन, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, झबरेड़ा विधायक देश राज कर्णवाल, रुड़की मेयर गौरव गोयल समेत ज़िला प्रशासन एवं ज़िला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

हाम्रो दशैं सांस्कृतिक महोत्सव में सीएम ने की कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ी कैंट देहरादून में गोर्खाली सुधार सभा द्वारा आयोजित ‘‘हाम्रो दशैं सांस्कृतिक महोत्सव’’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने वीर सैनिकों, वीर नारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने सभी को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पंरपरओं को आगे बढ़ाने में त्योहारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। त्योहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा हमारी संस्कृति ही हमारी विशिष्ट पहचान होती है। हमें अपनी प्राचीन संस्कृति को बचा कर रखना होगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की, कि कर्नल आर.पी गुरूंग के नाम पर गढ़ी कैंट में एक द्वार बनाया जायेगा। गोर्खाली सुधार सभा के भवन जीर्णाेद्धार का कार्य किया जायेगा। गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज के जीर्णाेद्धार का कार्य किया जायेगा। गढ़ीकैंट, मिठीबेड़ी, घंघोड़ा, जैंतनवाला की आन्तरिक सड़कों का निर्माण कार्य किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा भारतीय सेना में गोर्खाली समाज का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने देश को सशक्त, गौरवशाली एवं वैभवशाली भारत के रूप में वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है। आज भारत आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पद्म सिंह थापा, ले. जनरल (रिटा.) शक्ति गुरुंग, टी.डी. भूटिया, सरोज गुरूंग, संध्या थापा, गोर्खाली सुधार सभा के सदस्य एवं गणमान्य उपस्थित थे।

सुबोध उनियाल की टो टूक, स्थानीय लोगों को भी दिया जाएं रोजगार का मौका

तहसील नरेंद्र नगर में रेलवे विकास निगम और ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन प्रोजेक्ट में कार्यरत कंपनियों के आला अधिकारियों के संग कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बैठक की। इसमें उन्होंने राज्य के स्थानीय लोगों को नौकरी व व्यवसाय में वरीयता देने हेतु निर्देशित किया।
नरेंद्र नगर तहसील सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आरवीएनएल और ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन प्रोजेक्ट के आला अधिकारियों को भर्तियां डिस्प्ले करने के निर्देश दिए। कहा कि इस प्रोजेक्ट में राज्य सरकार के 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जाना है, जिसका उन्होंने पालन करने के निर्देश दिए। कहा कि राष्ट्र हित के लिए इस प्रोजेक्ट को पूरा करना हम सभी का फर्ज है, इसके पूरा होने से स्थानीय लोगोें को रोजगार मिलेगा। इस दौरान उन्होंने इस प्रोजेक्ट की कार्यदायी कंपनियों को स्थानीय लोगों के संग मैत्रीपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने आला अधिकारियों को रिक्त पदों की रिपोर्ट उप जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, ऋषिकेश मंडी समिति के अध्यक्ष विनोद कुकरेती, नगर पालिका मुनि के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, नरेन्द्र नगर मंडी समिति अध्यक्ष वीर सिंह रावत, उप जिलाधिकारी देवेंद्र नेगी, क्रेजी फेडरेशन अध्यक्ष मनीष डिमरी, सांसद प्रतिनिधि अर्जुन दवाण, विशाल सिंह राणा, गजेंद्र राणा, महेंद्र गुसाईं, हर्ष पाल कोहली आदि मौजूद थे।

फूलों से बनी कलाकृतियों की लोगों ने की सराहना

इंडियन प्रेस्सेड फ्लावर कम्पनी की डायरेक्टर सिमरन कोठारी ने आज देहरादून के होटल मधुबन में फूलो से बनी ट्रेय, कोस्टर, पनेडिल, कड़े और अन्य वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों ने इन कलाकृतियों की सराहना की।
कपनी की डायरेक्टर सिमरन कोठारी ने बताया कि सभी कलाकृतियां हाथों से बनाई गई है। इनळें बनाने में फूलों का प्रयोग किया गया है। उन्होंने प्रदर्शनी के माध्यम से वह कलाकृतियों को लोगों को दिखाना चाहती है। जिससे कि लोगों को इनकी पंसद बनाया जाये। उन्होंने कहा कि आगे भी प्रदर्शनी के माध्यम से इनका प्रचार-प्रसार किया जायेगा।
सिमरन कोठारी ने बताया कि उनका उद्देश्य इन्हें रोजगारपरक बनाना है। जिससे घरेलू महिलाओं को स्वालंबी बनाया जाये और उनकी आर्थिकी स्थिति में सुधार आ सके। उन्होंने बताया कि यह कार्य घर बैठे आसानी से किया जा सकता है। इसकी प्रेरणा उन्हें कोरोना काल में मिली। जब उनका अधिकत्तर समय घर पर ही बीता।

राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए हैली सेवा शुरु, बढ़ेगा पर्यटन

नागरिक उड्डयन मंत्रालय और उत्तराखण्ड सरकार द्वारा तीसरी हेलीकाप्टर समिट-2021 का आयोजन किया गया। इसकी थीम इंडिया@75 भारतीय हेलीकाप्टर उद्योग के विकास में तेजी लाना और वायु सम्पर्क बढ़ाना था।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि भारत का विकास सभी राज्यों के सहयोग से मुमकिन है। उन्होंने कहा उत्तराखंड सरकार हमेशा विकास में अपना योगदान देने हेतु तत्पर रहती है। उन्होंने कहा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं राज्य में युवा नेतृत्व से उत्तराखंड का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों में हर छोटी बड़ी सुविधा पहुंचाने हेतु हेलीकॉप्टर का योगदान रहता है। उन्होंने कहा हमने भारत में हेलीकॉप्टरों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ ले सकें। उन्होंने कहा आज मुख्यमंत्री और मैंने संयुक्त रूप से उत्तराखंड के विभिन्न जगहों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की है इससे निश्चित रूप से जनता को लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखण्ड में एवियेशन टर्बाे फ़्यूल (एटीएफ) में लगने वाले वेट को 20 प्रतिशत से घटाकर 2 परसेंट किए जाने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहा।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय में हेलीकाप्टर एक्सीलेटर सैल की स्थापना करने और देश में हेलीकाप्टर कोरिडोर विकसित किए जाने की बात कही गई। कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन मंत्रालय की वेबसाईट पर हेली सेवा पोर्टल का बीटा वर्जन लांच किया गया। साथ ही सिविल हेलीकाप्टर आपरेशन के दिशानिर्देश के लिए हेली दिशा नामक पुस्तिका का विमोचन किया गया। साथ ही हेलीकाप्टर आपरेशन के प्रोत्साहन के लिए नीति और हेली इमरजेंसी मेडिकल सर्विसेज का रोड मैप भी जारी किये गये।
समिट में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बड़ा महत्वपूर्ण दिन है। प्रधानमंत्री की सोच है कि देश का सामान्य नागरिक भी हवाई सेवा का लाभ उठाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नई हेली सेवाओ का शुभारंभ करने पर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि आम जनता भी हेलीकॉप्टर का लाभ ले सके इस पर हमारी सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हम सरलीकरण, समाधान और निस्तारण के मंत्र के साथ हेलीकॉप्टर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी कार्य करेंगे। उन्होंने कहा हेलीकॉप्टर सेवाओं को बढ़ावा देने से संबंधित आने वाली हर समस्या का समाधान करने के लिए हमारी सरकार तैयार है। उन्होंने कहा हमारी सरकार कम दामों पर जनता को हेली सुविधा देने पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेलीकॉप्टरो की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा आपदा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों ने हमेशा जीवनदायिनी की भूमिका निभाई है। प्रदेश सरकार ने उत्तराखण्ड में एवियेशन टर्बाे फ़्यूल (एटीएफ) में लगने वाले वेट को 20 प्रतिशत से घटाकर 2 परसेंट कर दिया है, इसके पीछे सरकार की मंशा यह है कि एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अधिक से अधिक हेली कंपनियां उत्तराखंड आए।
इस अवसर पर मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने कहा कि हिमालय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर की भूमिका और ज्यादा बढ़ जाती है। उन्होंने कहा एयर एंबुलेंस, एयर टैक्सी एवं आपदाओं में हेलीकॉप्टर की अहम भूमिका रहती है। हिमालयी क्षेत्रों में हेलीकॉप्टरों की कनेक्टिविटी बढ़ाई जाए इस पर कार्य किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड में हमेशा से ही हेलीकॉप्टरो की अहम भूमिका रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड में एयर टैक्सी पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा टिहरी बांध जैसी विभिन्न जगहों पर सी प्लेन उतारे जाने को लेकर हमारे प्रयास जारी है।
इस दौरान राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल, उत्तराखण्ड में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, सचिव नागरिक उड्डयन भारत सरकार राजीव बंसल, संयुक्त सचिव नागरिक उड्डयन भारत सरकार उषा पाधी, एयरपोर्ट ऑथेरिटी ऑफ इण्डिया के चेयरमेन संजीव कुमार, सचिव नागरिक उड्डयन उत्तराखण्ड दिलीप जावलकर, एयरबस इंडिया के एमडी रेमी मेलार्ड, फिक्की के महासचिव दिलीप चिनॉय सहित भारत सरकार और उत्तराखण्ड सरकार के अधिकारी और एवियेशन सेक्टर से जुड़े लोग उपस्थित थे।

गंगा स्वच्छता का संदेश लेकर सोमेश ने शुरु की साइकिल यात्रा

बद्रीनाथ (सतोपंथ) से कन्याकुमारी की साइकिल यात्रा पर निकले साहसी युवा सोमेश द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री भारत सरकार से भेंट कर उनका धन्यवाद किया। स्पर्श हिमालय अभियान के ब्रांड एंबेसडर घोषित किए जाने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने डा. रमेश पोखरियाल निशंक का आभार व्यक्त किया और “विश्व की प्रेरणा-हिमालय” की टैग लाइन को अपनी इस साहसिक यात्रा का मूल आधार बताया।
युवा सोमेश द्वारा अपने इस अभियान में एक भारत श्रेष्ठ भारत, स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, उन्नत भारत अभियानों में युवाओं को जोड़ने हेतु आवाहन किया जा रहा है।
स्पर्श हिमालय अभियान के अंतर्गत गंगा तथा हिमालय के संरक्षण के लिए युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के निर्वहन को भी सोमेश ने अभियान से जोड़ा है।
पूर्व शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने सोमेश की इच्छा शक्ति की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रदान की। उन्होंने सोमेश को हिमालय के महत्व को युवाओं के मध्य रखने की आवश्यकता पर बल दिया। स्पर्श हिमालय अभियान विश्व के लिए प्रेरक है जिसमे समाहित है हिमालय में ज्ञान, विज्ञान, वेद, आयुर्वेद, सुख, शांति, सौंदर्य, योग, गंगा, संजीवनी, समृद्धि, संस्कृति, रहस्य, रोमांच, आस्था और आध्यात्म। युवा देश में युवा शक्ति ही विभिन्न उदेश्यों और अभियानों को सफल तथा देश और दुनिया में पहुंचा सकती है सोमेश को इस संदेश को भी युवाओं तक देना है।
इससे पूर्व डा निशंक ने अपने आवास पर इस युवा साइकिलिस्ट का स्वागत किया तथा स्पर्श अभियान की संयोजिका आरुषि निशंक ने सोमेश के दूसरे चरण की यात्रा को फ्लैग ऑफ कर उन्हे शुभ कामनाएं प्रदान की। आरुषि ने कहा कि सोमेश हिमालय के सतोपंथ से लेकर जिस जल को देश भर में संकल्प के रूप में ले जा रहे है वो एक भागीरथ प्रयास है। ये देशभर के लिए गंगा स्वच्छता का संदेश भी प्रदान कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि विगत एक अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम से सोमेश की इस साहसिक यात्रा के प्रथम चरण का शुभारभ किया गया है।

वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित हुई

वन विभाग के वन्यजीव सप्ताह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। चित्रकला में नालंदा शिक्षण संस्थान के आयुष राणा और निबंध में आकाश जेठूड़ी प्रथम स्थान पर रहे।
बुधवार को वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत श्यामपुर स्थित नालंदा शिक्षण संस्थान में रचनात्मक प्रतियोगिताएं हुई। इनमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। निबंध लेखन में प्रियंका नेगी ने बाजी मारी। जबकि शिखा बडोला, तनुश्री रावत, सृष्टि पैन्यूली क्रमशः द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान पर रहे। चित्रकला में पल्लवी भारती द्वितीय, शुभम तृतीय, आयुष पैन्यूली ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत पर्यावरण प्रमुख विनोद जुगलान एवं वन क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश महेंद्र सिंह रावत ने वन्यजीव के समापन से पहले वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में जानकारी दी। प्रतियोगिता में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया। मौके पर वन दरोगा स्वयंबर दत्त कंडवाल, वन बीट अधिकारी राजेश बहुगुणा, नालन्दा शिक्षण संस्थान प्रमुख महावीर उपाध्याय, प्रधानाध्यापिका राम प्यारी कलूड़ा, टेक सिंह राणा, वीरेंद्र रयाल, विक्रम नेगी, रुचिका चौहान, प्रवेश सकलानी, अरविंद बडोनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

खो-खो के राष्ट्रीय खिलाड़ी का तीर्थनगरी में सम्मान

खो खो के राष्ट्रीय खिलाड़ी इमरान को उड़ीसा से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर लौटने पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने माल्यार्पण कर व मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर जयेन्द्र रमोला ने कहा कि आज इमरान ने साबित कर दिया कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने से नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि इमरान ने ग़रीबी में रहकर भी स्वयं व खो-खो के शिक्षक नागेश राजपूत के प्रयासों से अपने को साबित किया है। इसीलिए आज यह युवा छोटे से शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपने नाम के झण्डे गाड़ रहा है। रमोला ने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को हम सबको प्रोत्साहित करना चाहिये, ताकि ऐसे खिलाड़ियों का मनोबल बना रहे।
खो-खो खिलाड़ी इमरान ने कहा कि मुझे मेरे परिवार का बड़ा सपोर्ट मिला है और इसमें सबसे बड़ा योगदान मेरे गुरू नागेश राजपूत का है जिनके सहयोग से मुझे आज राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर प्राप्त हुआ।
स्वागत करने वालों में नगर उद्योग व्यापार महासंघ के महामंत्री अखिलेश मित्तल, गौरव यादव, लक्ष्मी कुलियाल, हिमांशु जाटव, आदित्य झा आदि मौजूद थे।

विभिन्न विकास कार्यों के लिए सीएम ने दी वित्तीय स्वीकृति

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र कपकोट में तुपेड पंचायत घर भल्यूडा धमग्यू स्वतंत्रता संग्राम सेनानी माधो सिंह राजकीय इण्टर कॉलेज तुपेड से करूली बैण्ड चिडंग क्लाग मिलान हेतु मोटर मार्ग (नवनिर्माण) हेतु 15 लाख रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एससीएसपी के अन्तर्गत विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के अन्तर्गत थल मोटर मार्ग में बुंगाछीना के पास ओलीगांव से अगन्या तक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य हेतु 16.98 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र प्रतापनगर के अन्तर्गत विभिन्न 3 कार्यों हेतु 92.85 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर के अन्तर्गत बजोल बाजार से अम्लियकाण्डे मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य हेतु 229.16 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के अन्तर्गत विभिन्न 3 निर्माण कार्यों हेतु 96.24 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति, विधानसभा क्षेत्र ज्वालापुर के अन्तर्गत विभिन्न 2 कार्यों हेतु 92.53 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

मुख्य सचिव की हेली ऑपरेटर्स के साथ बैठक

मुख्य सचिव एस.एस. सन्धु ने मंगलवार को सचिवालय में हेली ऑपरेटर्स के साथ बैठक की। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में हेली सर्विस को बढ़ाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है, और इसमें हेली ऑपरेटर्स के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेश में पर्यटन के दृष्टिकोण से नए डेस्टिनेशन विकसित करने के लिए सभी हेली सेवा प्रदाताओं से सुझाव और सहयोग की अपेक्षा भी की। कहा कि प्रदेश सरकार हेली सेवाओं को बढ़ाने के लिए किसी प्रकार का बैरियर नहीं लगाना चाहती।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से सम्बन्धित कार्यों में किए हेली सेवाओं द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान समय पर किया जाए। उन्होंने सचिव सिविल एविएशन को चार्टर हेली सेवा के लिए अलग से एस.ओ.पी. जारी करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि हरिद्वार एवं ऋषिकेश विश्व के प्रसिद्ध पर्यटन केंद्र हैं, इन दोनों शहरों को हेली सर्विस से जोड़ने हेतु हेलीपैड के लिए जगह शीघ्र चिन्हित कर ली जाएं। इससे हरिद्वार ऋषिकेश की कनेक्टिविटी में बहुत बड़ा परिवर्तन आएगा।
मुख्य सचिव ने निदेशक जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलीपोर्ट्स में एमआरओ फैसिलिटी की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की बात कही। उन्होंने कहा इससे हेली सेवा प्रदाताओं को काफी सुविधा मिलेंगी।
इस अवसर पर सचिव दिलीप जावलकर एवं सीईओ यूकाडा स्वाति भदौरिया सहित विभिन्न हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के स्वामी और प्रतिनिधि उपस्थित थे।