सीएम ने मां गंगा से प्रदेश की खुशहाली की कामना की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरकी पैड़ी पर श्रीगंगा सभा द्वारा गंगा सप्तमी के शुभ अवसर पर अयोजित गंगा मैया जन्मोत्सव में प्रतिभाग किया, जहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना की एवं मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुये देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली के लिये मां गंगा से प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि भारत में गंगा मैया का जन्मोत्सव वैशाख शुक्ल पक्ष की सप्तमी के दिन मनाया जाता है। गंगा जन्मोत्सव पुष्य नक्षत्र और अमृत सिद्ध योग में मनाया जाता है। इस दिन माता गंगा ब्रह्म लोक से ब्रह्मा जी के कमण्डल से निकलकर, भगवान विष्णु जी के चरणों को धोती हुई, भगवान आशुतोष की जटाओं में आई थी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत, सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी लव शर्मा, श्री गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, पुजारी अमित शास्त्री सहित सम्बन्धित अधिकारीगण एवं पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने से चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार

विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम के कपाट रविवार सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ के लिए खोल दिए गए। ग्रीष्मकाल के छह माह अब श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन व पूजा अर्चना बद्रीनाथ मंदिर में कर सकेंगे। कपाटोद्घाटन के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से गेंदे के फूलों से सजाया गया था। सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों एवं जय बद्रीविशाल के जयकारों के साथ देश-विदेश से आये हजारों श्रद्धालु कपाट खुलने के साक्षी बने। श्री बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलते ही चारधाम की यात्रा विधिवत शुरू हो गई है। उल्लेखनीय है कि 3 मई को श्री गंगोत्री व श्री यमुनोत्री धाम औऱ 6 मई को श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ के लिए खोले गए। दो साल कोविड के कारण चारधाम यात्रा प्रभावित रही। लेकिन इस बार कपाट खुलने के दौरान से ही भारी संख्या में श्रद्धालु व भक्तगण चार धामों में पहुंचे है तथा यह सिलसिला लगातार जारी है। बद्रीनाथ धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर श्रद्धालु व भक्तजन देर रात से ही भगवान बद्रीविशाल के दर्शन करने हेतु कतार पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं द्वारा बारी बारी से भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किये।
इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य भुवन चंद्र उनियाल, बद्री केदार मंदिर सामिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, उपाध्यक्ष किशोर पंवार, विधायक बद्रीनाथ राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट, डीजीपी अशोक कुमार, आशुतोष डिमरी, वीरेंद्र असवाल, हरीश सेमवाल, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, एसपी श्वेता चौबे, सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

उत्तराखंडः होटल व रेस्टोरेंट संचालक बिल में सर्विस चार्ज जोड़ेंगे तो देना होगा टैक्स

उत्तराखंड में अब ग्राहकों से होटल व रेस्टोरेंट संचालक जीएसटी बिल के अलावा सर्विस चार्ज के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। वित्तमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने राज्यकर विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए हैं।

विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्यकर विभाग के कमिश्नर सहित उच्चाधिकारियों के साथ वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने पिछली बैठक की समीक्षा की। कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से बहुत बड़ा केंद्र भी है। प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आकर्षित होते हुए अलग-अलग जगहों में पहुंचते हैं। ऐसे में इन श्रद्धालुओं से होटल व रेस्टोरेंट संचालक जीएसटी के अलावा सर्विस चार्ज भी वसूलते है, जो कि न्यायोचित नहीं है।

उन्होंने कमिश्नर राज्यकर को निर्देशित करते हुए कहा कि इस संदर्भ में जनता को जागरूक किया जाए। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। कहा कि सर्विस चार्ज को टिप कहकर होटल व रेस्टोरेंट संचालक ग्राहकों को बाध्य नहीं कर सकते है। इस तरह के सर्विस चार्ज अथवा टिप को देना ग्राहक के विवेक पर निर्भर करता है।

उन्होंने स्थानीय नागरिकों सहित अन्य लोगों से अपील की है कि इस मामले में जागरूक रहें और विभिन्न प्लेटफॉर्मों के जरिए जागरूकता फैलाएं। जिससे ज्यादा संख्या में ओर पर्यटक उत्तराखंड की पवित्र भूमि की ओर से आकर्षित हो सके।

इस मौके पर कमिश्नर राज्यकर मौहम्मद इकबाद अहमद, एडिशनल कमिश्नर मुख्यालय विपिन चंद, एडिशनल कमिश्नर गढ़वाल जोन अनिल सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर मुख्यालय अनुराग मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर मुख्यालय जगदीग सिंह मौजूद रहे।

गंगा प्रहरियों का योगी और धामी ने किया सम्मान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरूवार को ऋषिकुल, महाविद्यालय हरिद्वार में सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक द्वारा रचित स्पर्श गंगा गीत एवं खण्डकाव्य ‘‘मैं गंगा बोल रही’’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पर्श गंगा ई-पत्रिका का विमोचन भी किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने स्पर्श गंगा अभियान चलाकर गंगा की निर्मलता एवं अविरलता के लिए व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया। दुनिया में गंगा के प्रति एक आस्था और निष्ठा देखने को मिलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में गंगा की निर्मलता एवं अविरलता के लिए नमामि गंगे के तहत सराहनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की निर्मलता एवं अविरलता को बनाये रखने के लिए सरकार के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं लोगों को आगे आना होगा। गंगा एवं यमुना का उद्गम देवभूमि उत्तराखण्ड में है, हिमालय पर्वत उत्तर भारत में जलापूर्ति करता है। स्पर्श गंगा अभियान से सबको जुड़ना होगा।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने 2009 में स्पर्श गंगा अभियान की शुरूआत की। मां गंगा एवं पर्यावरण के संरक्षण के लिए उनके द्वारा सराहनीय कार्य किये गये हैं। गंगा की निर्मलता बनाये रखने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में अनेक कार्य हुए हैं। उत्तराखण्ड में नमामि गंगे के तहत सराहनीय कार्य हुए हैं। सरकार के साथ सामाजिक सहयोग से हमें गंगा की अविरलता एवं निर्मलता के लिए निरन्तर प्रयास करने होंगे।
सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि स्पर्श गंगा अभियान निरंतर चलता रहेगा। उत्तराखण्ड से उत्तर प्रदेश को स्वच्छ गंगा भेजेंगे। गंगा हमारी मां व जीवन रेखा है। स्पर्श गंगा अभियान 20 से अधिक देशों में चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर महामण्डलेश्वर अवधेशानन्द गिरी महाराज, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, स्पर्श गंगा अभियान की संयोजक आरूषि निशंक, भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश जमदग्नि मौजूद रहे।

22 साल बाद धामी की कार्यकुशलता से परिसंपत्ति बंटवारे को लेकर होने लगा निर्णय

गुरुवार को हरिद्वार में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश के नवनिर्मित भागीरथी पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखण्ड सरकार को अलकनंदा पर्यटक आवास गृह का हस्तांतरण किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अलकनंदा पर्यटक आवास गृह की चाबी सौंपी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा 43.27 करोड़ रूपये की लागत के 2964 वर्ग मीटर में बने भागीरथी पर्यटक आवास गृह में 100 कक्ष, बेंक्वेट हॉल एवं 150 चौपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य बनने के बाद उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड में संपत्ति विवाद चल रहा था। 2017 में दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनने के बाद संपत्ति बंटवारे के लिए सकारात्मक पहल हुई। नवम्बर 2021 में संपत्ति बंटवारे से संबंधित लगभग सभी मामलों का समाधान किया गया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अलकनन्दा पर्यटक आवास गृह उत्तराखण्ड सरकार को मिल गया है और उत्तर प्रदेश का भागीरथी पर्यटक आवास गृह बन चुका है। अलकनन्दा और भागीरथी नदी जब आपस में मिलती है, तब गंगा कहलाती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने के लिए दोनों राज्यों की सरकारें मिलकर कार्य करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में हर संभव मदद दी जायेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है। उत्तराखण्ड 100 करोड़ से अधिक भारतवासियों को आकर्षित कर सकता है। उत्तराखण्ड के चारधाम और मां गंगा श्रद्धालुओं को यहां आने के लिए आकर्षित करते हैं। उत्तराखण्ड में स्प्रिचुअल टूरिज्म के साथ ही ईको टूरिज्म के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। देश के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री के विजन के साथ हम सबको जुडना होगा। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम संवर चुका है। श्री बद्रीनाथ एवं हरिद्वार के विकास के लिए भी तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के भाव एवं भावनाएं एक जैसी हैं। पर्यटन के क्षेत्र में उत्तराखण्ड में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखण्ड उनकी मातृभूमि भी है। उत्तराखण्ड में चारधाम यात्रा शुरू हो गई है, अतिथि सत्कार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान दिलानी होगी।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में भागीरथी पर्यटक आवास गृह के लोकार्पण एवं अलंकनन्दा पर्यटक आवास गृह के उत्तराखण्ड को हस्तांतरित करने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नवंबर 2021 में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड के मध्य परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच जो बैठक हुई थी, उसमें सभी मामलों का योगी आदित्यनाथ जी द्वारा समाधान किया गया वह सराहनीय है। उन्होंने एक बड़े भाई का फर्ज निभाया। आज भौतिक एवं आध्यात्मिक विकास से नये भारत का निर्माण हो रहा है। योगी आध्यात्मिक चेतना को लगातार आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। राज्य में सड़क, हवाई एवं रेल कनेक्टिविटी का तेजी से प्रसार हुआ है। केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य तेजी से हुआ है। बद्रीनाथ को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। भारत को विश्वगुरू बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को हमें मिलकर पूरा करना होगा।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड के केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचन्द अग्रवाल, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, चन्दनराम दास, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक मदन कौशिक, उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह, ब्रिजेश सिंह, कपिलदेव अग्रवाल एवं संतगण मौजूद रहे।

चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ, अग्रवाल और चन्दन राम दास ने दिखाई हरी झंडी

चारधाम यात्रा-2022 का औपचारिक श्रीगणेश उत्तराखंड के वित्त, शहरी विकास एवं आवास विधायी एवं संसदीय कार्य, पुनर्गठन एवं जनगणना मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और परिवहन मंत्री चंदनराम दास ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस मौके पर 30 वाहनों में 1200 श्रद्धालुओं को दोनों मंत्रियों की मौजूदगी में रवाना किया गया। इस दौरान ऋषि कुमारों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण, ढोल बाजो से पंडाल गूंज उठा।
गुरुवार को प्रत्येक वर्ष चारधाम यात्रा संचालित करने वाली संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के तत्वावधान में यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड आगमन पर सभी चारधाम यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होने की भगवान से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दो वर्ष से प्रभावित चारधाम यात्रा इस वर्ष 2022 में अच्छी होने जा रही है और इसके लिए राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। इसकी प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। बताया कि सभी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि चारधाम यात्रा पर लगे सभी वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि बिना फिटनेस वाली गाड़ी के संज्ञान में आने पर कठोर कार्यवाही की जाए।
अग्रवाल ने सभी यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किये जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा सभी यात्रियों का रजिस्ट्रेशन किया जाए, सरकार के पास सभी यात्रियों का पूरा रिकॉर्ड होना चाहिए। श्री अग्रवाल जी ने कहा कि चारधाम यात्री हमारे मेहमान हैं और हमारी संस्कृति ‘अतिथि देवो भवः‘ की है। अतिथियों का सत्कार हमारा फर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों के साथ किसी तरह की दिक्कतें न हो, इसका ख्याल भी पूरी तरह से किया गया है। सोशल मीडिया के जरिए भी यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।

अग्रवाल ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों को सुविधाओं का राज्य सरकार ने विशेष ख्याल रखा है, इसमें मोबाइल टॉयलेट की समुचित व्यवस्था की गई है। साफ सफाई का विशेष ख्याल रखा गया है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर आने वाले सभी निकायों ने तीन चरणों में सफाई व्यवस्था शुरू कर दी है, विशेषतौर पर रात्रिकाल में कूड़ा उठान का कार्य किया जा रहा है, जिससे अगली सुबह यात्रियों को यात्रामार्ग साफ और स्वच्छ मिले। इसके अलावा कीटनाशक दवाओं का उपयोग भी प्रतिदिन किया जा रहा है।
अग्रवाल ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए राज्य सरकार ने पहली बार होटल, रेस्टोरेंट आदि से बिल में सर्विस चार्ज न लेने को कहा है, कहा कि सर्विस चार्ज के लिए यात्रियों को बाध्य नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के औपचारिक शुभारंभ के बाद से प्रत्येक शनिवार को स्कूल बंद रहेंगे। इससे ऋषिकेश में बच्चों और अभिभावकों को जाम से दो चार नहीं होना पड़ेगा।
परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने प्रदेश की जनता से आग्रह किया है कि यात्रियों को हर यथा संभव सहयोग करे। जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यहां से वापस जा कर अपने प्रदेश में यात्रा के प्रति सकारात्मक सोच पैदा कर सकें। उन्होंने कहा कि मेडिकल की सुविधा बेहतर मिले, इसके लिए सरकार तैयार है। किराया वृद्धि पर संवेदनशील है, बीच का रास्ता निकाला जाएगा। ट्रिप कार्ड में दिक्कतें आ रही है, इसके लिए अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है। हमारी सरकार परिवहन व्यवस्था को पटरी पर ला रही है। रोडवेज की इनकम बढ़ाने के लिए सरकार कार्य कर रही हैं।
यात्रा शुभारम्भ के दौरान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, पूर्व दायित्वधारी कृष्ण कुमार सिंघल, तहसीलदार अमृता शर्मा, परिवहन अधिकारी दिनेश पठोई, अरविंद पांडेय, संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष संजय शास्त्री, सरोज डिमरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, चेतन शर्मा, राकेश पारछा, जग मोहन सकलानी, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, इंद्र कुमार गोदवानी, मदन कोठारी, शिक्षाविद बंशीधर पोखरियाल, पार्षद शिव कुमार गौतम, संजीव पाल, जितेंद्र सिंह नेगी, जीत सिंह पटवाल, भूपाल सिंह नेगी, रेखा गुसांई, सम्पत सिंह रावत, नरेंद्र सिंह राणा, अजय बधाणी, आशुतोष तिवारी, अनिता तिवारी पूर्व पार्षद सीमा रानी, माधवी गुप्ता, उषा जोशी, सचिन अग्रवाल, कविता साह, राजकुमारी पंत, रवि जैन, आंदोलनकारी वेद प्रकाश शर्मा, अखिलेश गुसाई, राकेश सेमवाल, मदन मोहन शर्मा, जयंत शर्मा, राजपाल ठाकुर, विनोद भट्ट, आनंदराम भट्ट, हुकुम चंद, हरिशंकर प्रजापति, संजय कौशिक, घनश्याम, जितेंद्र प्रसाद, भानु रांगड़ आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव के निर्देश, सरकारी योजनाओं में तेजी लाने का करें प्रयास

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने आज सचिवालय में स्वास्थ्य, खेल एवं वन विभाग से सम्बन्धित जिलाधिकारियों द्वारा जनपदों हेतु दिए गए सुझावों और शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के सम्बन्ध में बैठक ली गई।
मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में दिव्यांग अन्य प्रकार के प्रमाण पत्रों को जारी करने हेतु मासिक रूप से तिथियां निर्धारित कर ली जाएं ताकि क्षेत्रवासियों को प्रमाणपत्रों को बनाने हेतु परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों को बढ़ाए जाने पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सेक्टर एक ऐसा सेक्टर है जिसमें रोजगार का अत्यधिक स्कोप है। मुख्य सचिव ने प्रदेश में नशा मुक्ति केंद्रों हेतु पॉलिसी लागू करने की दिशा में शीघ्र कार्य करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने वन विभाग से सम्बन्धित प्रकरणों के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि फॉरेस्ट विभाग को ऐसे स्थानों को जहां पर पर्यटकों का फुटफ़ॉल अधिक है, में ईको पार्क और नेचर ट्रेल आदि विकसित करने चाहिएं। साथ ही, इस क्षेत्र में तेजी से कार्य करने हेतु ईको टूरिज्म विंग तैयार किया जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटकों को इनकी जानकारी मिल सके, इसके लिए ब्रोशर आदि तैयार कर होटल एवं रेस्टोरेंट आदि में बांटे जाएं ताकि पर्यटकों को अपने आस पास स्थित ईको पार्क और नेचर ट्रेल आदि के जानकारी मिल सके।
मुख्य सचिव ने खेल विभाग को प्रदेश में जहां जहां जगह उपलब्ध हो, ओपन जिम और प्ले ग्राउंड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्टैंडर्ड साइज की जगह न मिलने के कारण ओपन जिम और प्ले ग्राउंड नहीं बन पाते। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां थोड़ी बहुत जगह उपलब्ध हो, को समतल कर ओपन जिम और प्ले ग्राउंड तैयार किए जाएं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण अभिनव कुमार, सचिव राधिका झा एवं अरविंद सिंह ह्यांकि सहित सम्बन्धित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा के इरादे हिमालय जैसे अटूट रहे-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को नई दिल्ली में ’स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के जीवन पर आधारित पुस्तक ’हेमवती नंदन भारतीय जन चेतना के संवाहक’ के विमोचन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बड़े हर्ष का विषय है कि उन्हें स्वर्गीय बहुगुणा के जीवन पर लिखित पुस्तक के विमोचन का सौभाग्य मिला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा के इरादे हिमालय जैसे अटूट थे। उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने अपने विलक्षण बौद्धिक प्रतिभा के बल पर भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने पहाड़ों के विकास हेतु हर सम्भव प्रयास किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा की इस बार चार धाम यात्रा ऐतिहासिक होने वाली है। इसके लिए हमारी तैयारी पूरी है। मुख्यमंत्री ने चार धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार की तरफ से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनाए जाने के लिए सुचारु रुप व्यवस्था से की गई है।
इस दौरान कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे, उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी, सांसद नरेश बंसल, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

बदरीनाथ के भव्य रुप को संवारने की जिम्मेदारी सभी की-संधु

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.सन्धु ने बद्रीनाथ पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण कार्याे का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ-साथ तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को शीघ्र ही मैन पावर बढाने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य सचिव ने व्यापारियों से मुलाकात की और कहा फिलहाल उनके लिए अस्थायी दुकानों का निर्माण किया जा रहा है तथा कार्य पूरे होने के बाद स्थायी दुकाने आवंटित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्थानीय जनता के सहयोग से आने वाले वर्षाे में बद्रीनाथ का भव्य रूप दुनिया के सामने होगा जिससे यहां के व्यापारियों, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि पीएमओ भी डेली बेसिस पर इसकी मानीटरिंग कर रहा है।
उसके बाद मुख्य सचिव ने बदरीनाथ मास्टर प्लान तथा यात्रा की तैयारियों को लेकर बीआरओ गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने उन्हें गतिमान कार्यों और यात्रा की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने मास्टर प्लान कार्यों में लगे मजदूरों तथा अन्य कर्मचारियों के लिए अस्थायी आवास बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने गोविन्द घाट से पुलना पैदल मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए कहा कि 15 दिन बाद फिर इसका स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरूण चौधरी, एडीएम डा. अभिषेक त्रिपाठी, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक सैनी, एसडीएम कुमकुम जोशी, धर्मेश गंगानी, मुख्य अभियन्ता अयाज अहमद, इओ सुनील पुरोहित, कमाण्डर मनीष कपिल, हेमकुण्ड साहिब के प्रबंधक सेवा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

केदारपुरी के कार्यो का सीएस ने किया स्थलीय निरीक्षण

एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने श्री केदारनाथ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव द्वारा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केदारपुरी में जो भी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं उन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीर्ष प्राथमिकता से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केदारनाथ में यात्रियों की सुविधाओं के दृष्टिगत सुविधाओं को विकसित करना है तथा जो कार्य किया जा रहा है जिसमें तीर्थ पुरोहितों हेतु आवासीय भवन का निर्माण, चिकित्सालय कंट्रोल सेंटर, संगमघाट मंदिर समिति का प्रशासनिक भवन, यात्रियों की सुविधा हेतु रैन शैटर, आस्थापथ का निर्माण कार्य आदि जो भी निर्माण कार्य गतिमान हैं उन कार्यों को शीघ्रता से शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्होंने श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए तथा श्रमिकों के रहने व खाने की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव द्वारा मंदाकिनी व सरस्वती नदी के दोनों ओर सुरक्षा के प्राविधान हेतु उचित व्यवस्था करने के लिए सचिव पर्यटन व जिलाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य सचिव को केदारपुरी में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी से अवगत कराया तथा जो भी निर्देश निरीक्षण के दौरान दिए गए हैं उनका तत्परता के साथ अनुपालन संबंधित कार्यदायी संस्था से कराया जाएगा।
इस अवसर पर पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, मुख्य अभियंता लो.नि.वि. अहमद, अपर मुख्य अधिकारी/कार्यकारी अधिकारी केदारनाथ योगेंद्र सिंह, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ जितेंद्र वर्मा, उप जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, अधीक्षण अभियंता विद्युत एस. एस. कंवर, अधिशासी अभियंता डीडीएमए प्रवीण कर्णवाल, जल संस्थान सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।