मंत्री अग्रवाल ने लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दी

कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीपावली के पावन पर्व पर नगर के मुख्य बाजारों में पहुंच कर स्थानीय व्यापारियों, खरीददारी करने आए लोगों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दी।
रविवार को दीपावली के पावन अवसर पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने त्रिवेणी घाट बाजार, मुखर्जी मार्ग हरिद्वार रोड, लक्ष्मण झूला रोड, गोल मार्केट, लाजपत राय मार्ग आदि क्षेत्रों के बाजारों में स्थानीय व्यापारियों, पटाखा व्यापारियों एवं खरीदारी को पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी कुशल क्षेम जानी।
इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल हैं दीपावली, गोवर्धन, भैया दूज की शुभकामनाएं दी। मंत्री डॉ अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देते हुए स्थानीय लोगों द्वारा हाथ से निर्मित दीप भी खरीदे।
मंत्री डॉ अग्रवाल ने दीपावली पर्व पर सभी लोगों के जीवन में खुशहाली, सुख-समृद्धि और उन्नति की भी कामना की। उन्होंने बधाई संदेश देने के दौरान लोगों से स्थानीय उत्पादों को खरीदने की भी अपील की।
इस मौके पर मंत्री डॉ अग्रवाल ने स्टाफ के साथ गोलगप्पे सहित चटपटे व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इस मौके पर मंत्री की धर्मपत्नी शशि प्रभा अग्रवाल, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, महामंत्री सुमित पवार, जयंत शर्मा, पार्षद शिव कुमार गौतम, रीना शर्मा, प्रदीप कोहली, बृजेश शर्मा, संजय व्यास, व्यापारी नेता मनोज कालरा, ललित जिंदल, राजपाल ठाकुर, रूपेश गुप्ता, रीता गुप्ता, उषा जोशी, सिमरन गाबा, संजय कौशिक, त्रिलोक परमार, रूपेश गुप्ता, विजय बडोनी मस्तु, संजीव सिलस्वाल, दिगंबर नौटियाल आदि लोग उपस्थित रहे।

सीएम धामी ने कहा दीपावली का पर्व सभी के लिए मंगलमय हो

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व अशांति पर शांति, बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। दीपावली मां लक्ष्मी और देवी अन्नपूर्णा की आराधना तथा सामाजिक समरसता का पर्व भी है। दीपावली का यह पर्व हम सबके जीवन को प्रकाशमय करे इसकी भी उन्होंने कामना की है। मुख्यमंत्री ने भैयादूज पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहनों के प्रेम के साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान, परिवार एवं समाज में उनके महत्व को भी प्रदर्शित करता है।

काफिला रोक कुम्हार के दिए खरीदने लगे सीएम

शनिवार को काशीपुर से खटीमा पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा मुख्य बाजार में काफिला रुकवा कर हाथ से बने मिट्टी के दीयों की खरीददारी की। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के अनुरूप वोकल फॉर लोकल के महाअभियान को बढ़ावा देता छोटा सा सहयोग बताया, मिट्टी से बने दीयों एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना एक कुम्हार के घर को आर्थिक रूप से मजबूत करता है।
इस अवसर पर उन्होंने सभी से इस दीपावली को ज्यादा से ज्यादा स्थानीय उत्पादों को खरीदे जाने का आग्रह किया।

सीएम ने बधाई देते हुए दीपावली के पर्व को सदभावना और उल्लास के साथ मनाने की अपील की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि धनतेरस पर आरोग्यता के देव भगवान धन्वंतरी की पूजा का भी महत्व है। भगवान धन्वंतरी हम सबके जीवन में सुख-समृद्धि एवं आरोग्यता प्रदान करें इसकी उन्होंने कामना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली का पर्व मर्यादा, सत्य एवं सद्भावना का भी संदेश देता है। दीपों का यह त्योहार भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास के पश्चात वापस अयोध्या आने से भी जुड़ा है। दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। दीपावली का यह पर्व हम सबके जीवन को प्रकाशमय करे इसकी भी उन्होंने कामना की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गोवर्धन पूजन समाज एवं देश की आर्थिक-सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक है। भैयादूज के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों, विशेष रूप से महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएँ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहनों के प्रेम के साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान, परिवार एवं समाज में उनके महत्व को भी प्रदर्शित करता है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी बोले, नता और आलाकमान के भरोसे पर खरे उतरे धामी

भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षा पर खरे उतरे हैं और यह राज्य के लिए सुखद है। उन्होंने कहा कि धामी जैसे प्रभावशाली मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार प्रधानमंत्री मोदी जी के विजन को साकार करने मे जुटी है और निश्चित रूप से मोदी के सपने के अनुरूप ये दशक उत्तराखंड का होगा।

उन्होने कहा कि प्रतिनिधियों के क्षेत्र मे प्रवास का उद्देश्य सरकार का कामकाज बेहतर करने तथा संगठन की मजबूती के लिए होता है। जिससे दोनो के आपसी तालमेल से राज्य को विकास की राह पर आगे ले जाया जा सके। पार्टी प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होने बताया कि पार्टी मे धामी जैसे ईमानदार व प्रभावशाली मुख्यमंत्री हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्धारा 2025 तक उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कृतसंकल्प होकर जुटे हैं। जिसके अंतर्गत अपनी समूची वैचारिक व शारीरिक क्षमता का उपयोग करते हुए साथी मंत्रियों को आवश्यक दिशा निर्देश देकर वह इस संकल्प को पूर्ण करने की दिशा में निर्णायक दृष्टि से आगे बढ़ रहे हैं।

इस उद्देश्य को लेकर सरकार के प्रयासों में पार्टी संगठन भी समन्वय स्थापित करते हुए 100 फीसदी शक्ति से सहयोग कर रहा है । उन्होने ज़ोर देते हुए कहा कि हमारी पार्टी सेवा ही संकल्प, सेवा ही जीवन का ध्येय लेकर राष्ट्र प्रथम के भाव से कार्य करती है और राष्ट्र के लिए राज्यों का विकास बेहद अहम है, जिस पर हम प्रदेश में काम कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों के इन प्रवास का उद्देश्य सरकार के बेहतर कामकाज व संगठन की मजबूती में तालमेल बैठाते हुए जनकल्याण के कार्यों पर विचार करना होता है।

इस अवसर पर उन्होने हरिद्धार पंचायत चुनाव में हुई एक तरफा जीत पर खुशी जताते हुए इसे पीएम मोदी के विजन, सीएम धामी के काम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में संगठन की जीत बताया। उन्होने कहा हमारी पार्टी का उद्देश्य देश व समाज की सेवा है, लेकिन सेवा करने के लिए एक राजनैतिक पार्टी होने के नाते चुनाव में जीत भी अतिआवश्यक है लिहाजा हमारा संगठन आगामी निकाय, पंचायत और फिर लोकसभा चुनावों में एक बार पुनः परचम फहराने के लिए कमर कस कर जुट गया है द्य उन्होने विश्वासपूर्वक कहा, हमने पीएम मोदी के चमत्कारिक नेतृत्व व कार्यकर्ताओं की बदौलत प्रदेश में लगातार सरकार वापिसी नहीं होने के मिथक को तोड़ा, सीएम धामी ने 94 फीसदी मत पाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज़ की, हमने हरिद्धार में जिला पंचायत अध्यक्ष व सभी ब्लॉक प्रमुखों की सीट निर्विरोध जीता, अब जीत की यही लहर लोकसभा समेत आने वाले सभी चुनावों में भी कायम रहेगी।

राज्य के प्रत्येक क्षेत्र को शिखर पर लाने को 10 वर्षों का रोडमैप बनायाः सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि जहाँ भी राज्यहित या जनहित में जरूरत पड़ी तो सरकार कठोर फैसले लेने से पीछे नही हटेगी। सरकार द्वारा उत्तराखण्ड को प्रत्येक क्षेत्र में शिखर पर ले जाने के लिए आगामी 10 वर्षों का रोडमैप बना दिया गया है। लेकिन यह विकास ईकोलॉजी और ईकोनॉमी के बीच संतुलन पर आधारित होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में एक नई कार्य-संस्कृति और कार्य-व्यवहार आया है। जनहित में केन्द्र तथा राज्यों में त्वरित निर्णय लिए जा रहे है। हमने भी उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का दृढ़ संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि आगामी केदारनाथ-बद्रीनाथ यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केदारनाथ में केबिल कार, हेमकुण्ड साहिब के लिए रोपवे तथा माणा गांव के लिए जाने वाली टू लेन सड़कों सहित महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक निजी होटल में आयोजित “शिखर पर उत्तराखंड“ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमने व्यक्तिगत जीवन, राजनीतिक क्षेत्र से लेकर विकास की यात्रा में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, परंतु जो इन चुनौतियों को अवसर में बदलता है वही सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ता है।
समस्याओं के समाधान हेतु संवाद जरूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास में आमजन के साथ संवाद एवं उनकी सहभागिता को जरूरी बताया, उन्होंने कहा संवाद के माध्यम से हमें लोगों की राय पता चलती है, जिससे हमे सही रास्ते में चलते की प्रेरणा मिलती है, उन्होंने कहा घर, परिवार, संगठन, पार्टी एवं जनता के बीच संवाद लगातार जारी रखना चाहिए, संवाद से ही जनता एवं सरकार के बीच की दूरी घटती है, जनता में सरकार के प्रति विश्वास पैदा होता है।

ऐतिहासिक रही चार धाम यात्रा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद चली चारधाम यात्रा में अब तक 42 लाख से अधिक श्रद्धालु आ चुके हैं, उन्होंने केदारनाथ में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख जताते हुए कहा कि हमने इसके जांच के आदेश दिए हैं एवं आगे इस तरह की दुर्घटनाएं ना हो इसके लिए भी ठोस नीति बनाने को कहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण केदार घाटी का दिव्य एवं भव्य निर्माण कार्य चल रहा है साथ ही बद्रीनाथ धाम में भी मास्टर प्लान के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत हो गई है।

इकोनामी एवं इकोलॉजी पर संतुलन बनाकर चल रहा है उत्तराखंड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार विकास कार्यों के साथ ही पर्यावरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है, उन्होंने कहां उत्तराखण्ड राज्य अपने वनों, बुग्यालों, ग्लेशियरों का संरक्षण करके राष्ट्र को महत्वपूर्ण इको सिस्टम सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा संपूर्ण हिमालय क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं के साथ ही पर्यावरण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, राज्य की नदियां, जल स्रोत, धारे, झरने जीवित रहें इसके लिए सरकार विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हम इकोलॉजी एवं इकोनामी पर संतुलन बनाकर कार्य कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहा चौमुखी विकास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार, उत्तराखण्ड के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित भाव से जुटी है। लोगों को योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का समाधान हो, इसके लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि पर खास तौर पर फोकस किया गया है, उन्होने कहा हम विकल्प रहित संकल्प के साथ उत्तराखंड को आने वाले सालों में सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने पर पूरे जोरों शोरों से कार्य कर रहे हैं, उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में आज संपूर्ण राज्य के अंतर्गत सड़क मार्ग हवाई मार्ग रेल मार्ग पर तेजी से कार्य हो रहा है।

प्रत्येक उत्तराखंडी में देश सेवा का भाव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्य को सैनिक बहुल प्रदेश बताते हुए कहा कि यहां प्रत्येक परिवार से बेटा देश की सीमा पर अपनी सेवाएं दे रहा है, उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य के वीर जवान देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने के लिए हमेशा आगे रहते हैं, देश सेवा की भक्ति हर उत्तराखंड वासी में है।
इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, पद्मश्री संतोष यादव, पद्मश्री बसंती देवी, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विनीता यादव, एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

महार रेजीमेंट के सैन्य अधिकारियों एवं जवानों से मिले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मध्य प्रदेश स्थित सागर में महार रेजिमेंट में आयोजित सैनिक सम्मेलन में प्रतिभाग किया। सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल्यकाल में जब वे अपने (स्वर्गीय) पिताजी से महार रेजिमेंट के वीर सैनिकों की शौर्यगाथाओं के बारे में सुनते थे तो मन में उत्साह और उमंग की भावना हिलोरे लेने लगती थी। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे आप सभी वीर सैनिकों के बीच आने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। इससे पूर्व वह यहां एक बालक के रूप में आये थे जिसके लिए ये पूरा परिवेश किसी स्वप्नलोक से कम नहीं था। बाल्यकाल में जिस दिन वह, सागर आये वो उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक दिन था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां एक ओर हमारी यह रेजिमेंट विविधता में एकता की भावना का बोध कराती है वहीं इसका प्रत्येक सैनिक भारत की महान संस्कृति व गौरवशाली सैन्य परंपरा का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी है। आज आदरणीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना के मान और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज हमारे वीर सैनिक दुश्मन को उसके घर में घुस कर जवाब दे रहे हैं। जब भी दुश्मन ने ललकारा है भारत ने उसे मुंह तोड़ जवाब देते हुए दिखा दिया है कि उसके पास ताकत भी है और उचित जवाब देने की राजनीतिक इच्छाशक्ति भी है। भारत वैश्विक मंचों पर पूरी दृढ़ता और अपने हितों को सर्वाेपरि रखते हुए अपनी बात रख रहा है। आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि यह देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करने वाला है। आज सेना के आधुनिकीकरण को भी एक नया आयाम दिया जा रहा है और डिफेंस सेक्टर को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और उनके द्वारा सैनिकों को दिए जा रहे प्रोत्साहन के कारण ही आज हमारी सेना पहले से कई गुना अधिक सशक्त है और सीमाएं पहले से कहीं अधिक सुरक्षित हैं। सैनिकों द्वारा किए जाने वाले त्याग और उनकी राष्ट्र सेवा के ऋण को हम कभी नहीं चुका सकते।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सागर मध्य प्रदेश के सदर कैंट में महार रेजीमेंट के कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने महार रेजिमेंट के वॉर मेमोरियल में शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने वार मेमोरियल का अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री महार रेजीमेंट के सैन्य अधिकारियों एवं जवानों से भी मिले। मुख्यमंत्री ने महार रेजीमेंट सेंटर में वृक्षारोपण कर स्वर्गीय पिता को याद कर, भावुक हुए। पिता स्व. शेर सिंह धामी महार रेजीमेंट में दे चुके हैं देश को अपनी सेवाएं। उन्होंने कहा कि सेना हमारी रक्षक, हमारा मस्तक।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वह सेना में तो नही हैं परन्तु वीर सैनिकों को अपना आदर्श मानकर राष्ट्र सेवा में अपना यथासंभव योगदान देने की पूरी कोशिश कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के सैन्य कौशल और पराक्रम का इतिहास महार रेजिमेंट के बिना पूर्ण नहीं हो सकता। देश की पहली मशीनगन रेजीमेंट होने के साथ साथ देश को दो सेना प्रमुख देने का गौरव भी इस रेजिमेंट के साथ जुड़ा हुआ है। सीमाओं की सुरक्षा करने से लेकर युद्ध के मैदान तक महार रेजिमेंट का एक-एक सैनिक अपना सर्वाेच्च बलिदान देने के लिए हमेशा तत्पर रहा है। 1962 का युद्ध हो या 1971 का… हमारे वीर जवानों ने हमेशा अपनी वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन को मात दी है।
मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन पवन’ के नायक रहे महार रेजिमेंट के अमर शहीद मेजर रामास्वामी परमेश्वरन तथा देश के भीतर आतंकियों से लोहा लेते हुए अमर बलिदान देने वाले सूबेदार मेजर सुरेश चंद यादव को नमन करते हुए कहा कि महार रेजिमेंट में ऐसे वीरों की लंबी श्रृंखला है, जिन्होंने मां भारती के यश को अक्षुण्ण रखने हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया और तिरंगे की आन-बान और शान को फीका नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि हमारे प्रत्येक सैनिक की वीरता, साहस और बलिदान पर हर एक नागरिक को गर्व है। आप सभी हमारे आदर्श हैं और आपकी वीरता,साहस और अपराजेयता पर इस राष्ट्र को अभिमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक आप सभी हैं, आपका ये हौंसला है, आपका ये त्याग और तपस्या है। कोई मां भारती के गौरव को हानि नहीं पहुंचा सकता। आप वीरों की कीर्ति गाथा के बारे में जितना भी बोलूं वो कम होगा। उन्होंने कहा कि आज के इस अवसर पर सभी वीर शहीदों के माता पिताओं को भी वह प्रणाम करते हैं जिन्होंने ऐसे वीर योद्धाओं को जन्म दिया और उनका पालन पोषण किया साथ ही वह उन सभी सैन्य परिवारों को भी नमन करते हैं, जिन्होंने स्वयं से पहले राष्ट्र सेवा को स्थान दिया।

विदेशों से निवेश हो इसके लिए सरकार कर रही विभिन्न देशों में भारत के राजूदतों के साथ चर्चा

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में स्वीडन में भारत के राजदूत/उच्चायुक्त तन्मय लाल, ताजिकिस्तान में विराज सिंह, पनामा में उपेन्द्र सिंह रावत, ब्रूनेई में आलोक अमिताभ डिमरी, केन्या में नामग्या खम्पा, अल्जीरिया में गौरव अहलूवालिया और स्लोवेनिया में नम्रता एस. कुमार के साथ “बिजनेस मीट“ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शासन के उच्चाधिकारियों के साथ विभिन्न उद्योगों से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर अपने विचार रखे।
मुख्य सचिव ने 7 देशों के मिशन प्रमुखों का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन विदेश में भारत के हितों को बढ़ावा दिए जाने के लिए एक महत्त्वपूर्ण प्लेटफार्म साबित होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय राजदूत और उच्चायुक्त इस सम्मेलन के माध्यम से उत्तराखण्ड द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखण्ड अभी एक नया राज्य है, अपने 22 वर्षों के सफर में उत्तराखण्ड ने इंडस्ट्री फ्रेंडली माहौल तैयार किया है। हम उद्योग को देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं। उत्तराखण्ड की लोकेशन इंडस्ट्री की दृष्टि से काफी महत्त्वपूर्ण है, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से काफी करीब है। नए एक्सप्रेस-वे बन जाने के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र 2 घंटे की हो जायेगी, जो उत्तराखण्ड में पर्यटन और उद्योग की दृष्टि से काफी लाभप्रद होगी। इसके साथ ही, प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में अत्यधिक संभावनाऐं बढ़ जाएंगी। उन्होंने कहा कि हम हाई एंड टूरिस्ट को भी आकर्षित करने के प्रयास कर रहे हैं। ऋषिकेश विश्वपटल पर इंटरनेशनल योगा कैपिटल के रूप में जाना जाता है, जो वैलनेस की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है।
मुख्य सचिव ने राजदूतों एवं उच्चायुक्तों के माध्यम से इन देशों के व्यापारिक समुदाय को उत्तराखंड में उद्यमियों के साथ सहयोग करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा। हम राज्य की प्रगति के लिए एवं निवेशकों को सहयोग प्रदान करने के लिए क्षेत्र-विशिष्ट नीतियां लेकर आ रहे हैं। कुछ नीतियां जो पाइपलाइन में हैं, वे हैं लॉजिस्टिक्स पॉलिसी, सर्विस सेक्टर पॉलिसी, ड्रोन पॉलिसी, डिस्ट्रिक्ट वाइज स्टार्ट-अप स्ट्रैटेजी और ईवी पॉलिसी आदि, ये नीतियां इन सम्बन्धित क्षेत्रों को बढ़ावा देंगी और देश में कारोबारी माहौल में सुधार करेंगी। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हर कदम पर निवेशकों को सहयोग प्रदान करने के लिए संकल्पित है।
इस अवसर पर विभिन्न देशों में कार्य कर रहे राजदूतों ने सुझाव दिया कि राज्य के पर्वतीय अंचल के उत्पादों को राज्य की ओर से बढ़ावा दिया जाना चाहिए। राज्य के उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ ही उनकी मेनुफेक्चरिंग, ब्रांडिंग एवं पैकेजिंग की अच्छी व्यवस्था हो। बैठक में सुझाव दिया गया कि उत्तराखंड को योग और वेलनेस टूरिज्म के रूप में वैश्विक स्तर पर तेजी से उभारा जा सकता है। उत्तराखंड योग की भूमि रही है। यहां से प्रशिक्षण लेकर विभिन्न देशों में लोग योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। अधिक से अधिक लोग राज्य में योग का प्रशिक्षण ले सकें, इसकी राज्य में अच्छी व्यवस्था की जा सकती है। राज्य में अपने प्रवास के दौरान, राजदूत एवं हाई कमिश्नर राज्य में निवेश के विभिन्न अवसरों पर चर्चा करेंगे और राज्य से निर्यात को बढ़ावा देंगे। राजदूत आकांक्षी जनपद हरिद्वार का भी दौरा करेंगे, जहां ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद) की जानकारी साझा की जाएगी।
सचिव उद्योग डॉ. पंकज कुमार पांडे ने सभी विशिष्ट और सम्माननीय अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्याप्त बुनियादी ढांचा बनाने और उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में उभरते क्षेत्रों में व्यापार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस संगोष्ठी में विशेषज्ञों, संगठनों, स्टार्ट-अप्स, उद्योग संघों और निवेशकों द्वारा अपने अनुभव और सुझाव साझा किये जायेंगे। उत्तराखण्ड निवेश गंतव्य और निर्यात में अग्रणी राज्यों में शामिल हो, यह हमारा प्रयास है। उत्तराखण्ड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। राज्य पहले से ही जिंक और जिंक उत्पाद, ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, फार्मास्युटिकल उत्पाद, उद्योगों द्वारा उपयोग किए जाने वाले रसायन, प्लास्टिक और प्लास्टिक उत्पाद, सेब, चावल, आम, बाजरा आदि कृषि आदि उत्पादों का निर्यात कर रहा है।
सचिव कृषि वी.वी.आर.सी. पुरूषोतम ने राज्य में कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में निवेश की सम्भावनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य में फूड पार्क, एरोमेटिक आयल हर्ब, स्पाइस, हिमालयन गोट मीट, हिमालयन हर्ड चीज, बद्री गाय घी की बड़ी मांग है।
महानिदेशक उद्योग रोहित मीणा ने व्यापक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में उद्योगों की स्थिति एवं निवेश से सम्बन्धित संभावनाओं एवं उद्योगों के हित में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद पूजा गर्ब्याल ने प्रदेश में पर्यटन से सम्बन्धित गतिविधियों की जानकारी दी।
सचिव वित्त आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड निवेश के क्षेत्र में संभावनाओं का प्रदेश है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्यमियों एवं निवेशकों के सहयोग के लिये नोडल अधिकारी तैनात किये जायेंगे। विभिन्न क्षेत्रों के लिये निर्धारित की गई नीतियों के प्रति आकर्षित होने वाले उद्यमियों एवं निवेशकों को सुविधा हो सके।
बिजनेस मीट में उद्यमी पंकज गुप्ता, आईटीसी, फार्मास्यूटिकल्स, हीरो मोटो कॉर्प के प्रतिनिधियों के साथ उद्यमी एस.पी.सिंह, प्रणव कुकरेती आदि ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर निदेशक उद्योग सुधीर नौटियाल के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्योग व्यापार से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

हरकत में शासन के अधिकारी, जिम्मेदारी तय करने के कड़े निर्देश

राज्य में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के संबंध में समस्त जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से सोमवार को सचिवालय में वीडियों कॉन्फ्रसिंग के माध्यम से बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने पुलिस-प्रशासन में हर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के कड़े निर्देश दिए। उच्च अधिकारियों को अधीनस्थ स्तर के प्रभावी सुपरविजन के निर्देश दिए गए हैं। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने सभी जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों को अपराधिक तत्वों पर निगरानी, शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने, पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था करने, संभावित आगजनी की घटनाएं रोकने, पटाखों की बिक्री के दौरान एसओपी, एनजीटी तथा माननीय न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। एसीएस ने आगामी त्यौहारों को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था हेतु खाली पड़े स्थानों में पार्किंग की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलों में समस्त पुलिस अधीक्षकों को पीक टाइम में शाम को 6 बजे से 10 बजे के बीच पुलिस अधिकारियों को फील्ड में तैनात रहने को कहा है। एसीएस श्रीमती रतूड़ी ने संभावित आगजनी की घटनाओं के नियंत्रण हेतु फायर ब्रिगेड के साथ ही एसडीआरएफ की मदद लेने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीजीपी श्री अशोक कुमार ने अपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक हेतु जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बेसिक ड्रिल, डॉग स्कॉयड, एटीएस टीम, बीडीएस टीम के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि रेवन्यू पुलिस के कार्यों का हस्तान्तरण रेगुलर पुलिस को प्रथम चरण में अगले छः माह में 6 थानों और 20 चौकीयों में सुनिश्चित कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को इस सम्बन्ध में जल्द से जल्द विस्तृत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। एसीएस ने इस दिशा में प्रशासन को प्रो-एक्टिव मोड पर कार्य करने को कहा है। जिलों में एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मजबूत करने हेतु श्रीमती रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025 मिशन को सफल बनाने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाना, नशामुक्ति के क्षेत्र में प्रभावी काम वाले एनजीओं को प्रोत्साहित करना तथा स्कूल कॉलेजों में पैरेन्टस-टीचर्स बैठके आयोजित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा युवाओं को नशे से दूर रखने में पुलिस के अतिरिक्त शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन के साझे प्रयासों की जरूरत है।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, आईजी एपी अंशुमन, अपर सचिव गृह रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर तथा विडियो कॉन्फ्रसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।

धामी सरकार प्रदेश के विकास में लगातार बेहतर निर्णय ले रही-विजयवर्गीय

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हाल मे घटित घटनाओं पर धामी सरकार ने त्वरित गति से उचित कार्यवाही की है और इसे जनता का सरकार की प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व संगठन आपसी तालमेल से प्रदेश के विकास के लिए बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा आज मोदी द्वारा केंद्र से किसी भी योजना का भेजा गया एक एक रुपया लाभार्थी को मिलता है जो हमारी नीयत व नीति का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि उन्होने बूथ मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सरकार व पार्टी के कामों की जानकरी ली है। उन्हें प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि आम जनता व कार्यकर्ताओं तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।
कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव पर पूछे गए सवाल के जबाब में उन्होंने तंज किया कि उम्र के इस पड़ाव में खड़गे से काँग्रेस में परिवर्तन लाने की उम्मीद करना बेमानी है। गांधी परिवार को बस नाम का ही अध्यक्ष चाहिए और नाम का ही पीएम। उन्होंने यात्रा पर तंज किया कि उनके नाना ने ही कश्मीर में धारा 370 लगाकर भारत तोड़ों अभियान शुरू कर दिया था।
इस अवसर पर पत्रकारों द्वारा दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के आरोपों पर पूछे सवालों के जबाब में कहा कि जांच एजेंसियों के सबूतों को न्यायालय स्वीकार कर रही है फिर पाक साफ होने का दावा क्यों किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री खिलेन्द्र चौधरी, संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, द्वारा किया गया। इस मौक़े पर पर आदित्य चौहान, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, विपिन कैंथोला, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजीव वर्मा, राजेंद्र सिंह नेगी, हरीश चमोली, अजीत नेगी, सत्यवीर चौहान समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।